22 को होगा साल का सबसे छोटा दिन, 13 घंटे 19 मिनट की होगी रात

सूर्य का सायन मकर राशि में प्रवेश; जीवाजी वेधशाला के शंकु यंत्र पर प्रत्यक्ष देखी जा सकेगी सबसे लंबी छाया

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। पृथ्वी के सूर्य के चारों ओर परिभ्रमण के कारण इस वर्ष 22 दिसम्बर को एक महत्वपूर्ण खगोलीय घटना होने जा रही है। इस दिन सूर्य मकर रेखा पर लम्बवत् (वरटिकल) होगा, जिससे भारत सहित उत्तरी गोलाद्र्ध के सभी देशों में साल का सबसे छोटा दिन और सबसे बड़ी रात होगी।
खगोल विज्ञान की दृष्टि से 22 दिसंबर का दिन बेहद खास होने वाला है। यह कैलेंडर वर्ष का वह दिन होगा जब हम साल के सबसे छोटे दिन और सबसे लंबी रात के साक्षी बनेंगे। उज्जैन और आसपास के क्षेत्रों में दिन की रोशनी केवल 10 घंटे 4१ मिनट तक ही रहेगी, जबकि शेष समय रात का होगा।
22 से शुरू होगा सायन उत्तरायन
22 दिसम्बर के बाद सूर्य की गति उत्तर की ओर दृष्टिगोचर होने लगेगी, जिसे सायन उत्तरायन का प्रारंभ कहा जाता है। इसके प्रभाव से अब उत्तरी गोलाद्र्ध में दिन धीरे-धीरे बड़े होने लगेंगे और रातें छोटी होने लगेंगी। यह क्रम तब तक जारी रहेगा जब तक 21 मार्च 2026 को सूर्य विषुवत रेखा पर लम्बवत् नहीं हो जाता, जिस दिन दिन-रात बराबर होंगे। दिलचस्प बात यह है कि दिन और रात की लंबाई का यह गणित हर शहर के अक्षांश के अनुसार अलग-अलग होता है। उत्तर भारत के शहरों में 22 दिसंबर को दिन की अवधि सबसे कम रहती है, जबकि दक्षिण भारत के शहरों में यह तुलनात्मक रूप से अधिक होती है।
शंकु यंत्र पर दिखेगा अद्भुत नजारा
जीवाजी वेधशाला के अधीक्षक राजेंद्रमोहन गुप्त ने यह जानकारी देते हुए बताया कि इस घटना को शंकु यंत्र के माध्यम से प्रत्यक्ष देखा जा सकता है। 22 दिसम्बर को शंकु की छाया साल की सबसे लंबी होगी और यह पूरे दिन मकर रेखा पर गमन करती हुई दिखाई देगी। हालांकि, इस अद्भुत दृश्य को केवल धूप होने की स्थिति में ही देखा जा सकेगा।
उज्जैन का समय और गणना
22 दिसम्बर को धार्मिक और खगोलीय नगरी उज्जैन में सूर्योदय और सूर्यास्त का समय इस प्रकार रहेगा
सूर्योदय- प्रात: 7 बजकर 05 मिनट
सूर्यास्त- सायं 5 बजकर 46 मिनट
दिन की अवधि- 10 घंटे 41 मिनट
रात की अवधि- 13 घंटे 19 मिनट
खगोलीय चक्र की महत्वपूर्ण तिथियां
21 जून- सूर्य कर्क रेखा पर (सबसे बड़ा दिन)
23 सितम्बर / 21 मार्च- सूर्य विषुवत रेखा पर (दिन-रात बराबर)
22 दिसंबर- सूर्य मकर रेखा पर (सबसे छोटा दिन)









