iPhone में बड़ा धमाका! चोरी होते ही फोन बन जाएगा ‘डिब्बा’, नया फीचर करेगा लॉक

कई बार ऐसा होता है कि हम चलते-फिरते या रास्ते में अपने iPhone का इस्तेमाल कर रहे होते हैं और अचानक कोई झपटमार उसे छीनकर भाग जाता है। ऐसे में अगर फोन अनलॉक हो, तो चोर आसानी से आपकी निजी जानकारी, बैंक डिटेल्स और संवेदनशील डेटा तक पहुंच सकता है। इसी गंभीर समस्या को ध्यान में रखते हुए Apple एक नए और बेहद स्मार्ट एंटी-थेफ्ट सिक्योरिटी फीचर पर काम कर रहा है।
यह नया फीचर खास तौर पर इस तरह डिजाइन किया जा रहा है कि जैसे ही कोई व्यक्ति आपके हाथ से iPhone छीनने की कोशिश करेगा या फोन अचानक आपके नियंत्रण से बाहर जाएगा, डिवाइस अपने आप तुरंत लॉक हो जाएगा।
Apple पहले ही ‘Find My’, ‘Activation Lock’ और ‘Stolen Device Protection’ जैसे मजबूत सुरक्षा फीचर्स दे चुका है, लेकिन ये फीचर्स उस स्थिति में पूरी तरह प्रभावी नहीं होते जब फोन उपयोग के दौरान ही छीन लिया जाए। नया फीचर इसी कमजोरी को दूर करने के लिए तैयार किया जा रहा है और इसे एंड्रॉयड के Theft Detection Lock जैसे सिस्टम से तुलना की जा रही है।
इस तकनीक में iPhone कई स्मार्ट सिग्नल्स की मदद से यह पहचान करेगा कि फोन वास्तव में छीना गया है या नहीं। इसमें सबसे अहम भूमिका डिवाइस में लगे मोशन सेंसर (Accelerometer) की होगी, जो अचानक झटके और असामान्य मूवमेंट को पहचान सकेगा। इसके अलावा, अगर यूज़र Apple Watch का इस्तेमाल कर रहा है तो फोन और वॉच के बीच अचानक दूरी बढ़ने पर भी सिस्टम अलर्ट हो जाएगा।
साथ ही यह फीचर लोकेशन और वाई-फाई नेटवर्क डेटा का भी विश्लेषण करेगा। अगर फोन किसी सुरक्षित और पहचाने हुए स्थान से अचानक किसी अनजान जगह पर चला जाता है, तो सिस्टम इसे संभावित चोरी मानकर प्रतिक्रिया देगा।
जैसे ही सिस्टम को लगेगा कि फोन छीना गया है, iPhone तुरंत ऑटोमैटिक रूप से लॉक हो जाएगा और स्टोलेन डिवाइस प्रोटेक्शन के तहत सभी संवेदनशील फीचर्स को ब्लॉक कर देगा। इससे चोर न तो Apple ID में बदलाव कर पाएगा और न ही किसी जरूरी सेटिंग तक पहुंच सकेगा।
रिपोर्ट्स के अनुसार, इस फीचर को हाल ही में कोड टेस्टिंग फेज में देखा गया है, जिससे साफ संकेत मिलते हैं कि Apple इस पर तेजी से काम कर रहा है। हालांकि इसकी आधिकारिक लॉन्च डेट सामने नहीं आई है, लेकिन उम्मीद है कि इसे आने वाले किसी iOS अपडेट के साथ जारी किया जा सकता है।









