सूरज की धूप से दिन का तापमान बढ़ा अर्थ रेडिएशन के कारण रात हो रही ठंडी

दिन और रात के तापमान में 15 डिग्री का अंतर होने से बढ़ रही बीमारों की संख्या
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। मानसून विदा हो गया है और तेज धूप के कारण दिन की गर्मी बढ़ गई है। रात में ठंडक होने से कुछ राहत महसूस हो रही है। पिछले 6 साल में अक्टूबर महीने का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20.5 डिग्री 7 अक्टूबर को दर्ज हुआ है। दिन और रात के तापमान में 15 डिग्री से अधिक का अंतर होने के कारण लोगों के स्वास्थ्य पर विपरीत प्रभाव पड़ रहा है। मौसम विभाग के भोपाल स्थिति कार्यालय के अनुसार अक्टूबर के अंतिम दिनों में या नवंबर के पहले सप्ताह में दिन का तापमान कुछ डिग्री गिर सकता है। तब तक यही मौसम बना रहेगा।
मौसम विज्ञानी एचएस पांडेय ने बताया मानसून की विदाई हो चुकी है और उत्तर पश्चिम की सुस्त हवाएं चल रही हैं। सूरज की किरणें सीधी पड़ रहीं हैं मानसून चले जाने के कारण बादल नहीं हैं तथा हवा की नमी खत्म हो गई है। खुला आसमान और शुष्क हवा चलने के कारण दिन का तापमान बढ़ा हुआ है। इसे भौगोलिक भाषा में अक्टूबर हीट कहते हैं। दिन की गर्मी बादल नहीं होने के कारण रात में आसमान की तरफ लौट ताजी है। इस स्थिति को अर्थ रेडिएशन कहते हैं। इसी कारण रातें ठंडी हो रही हैं और दिन तथा रात के तापमान में ज्यादा अंतर चल रहा है।
थर्मोरेग्युलेशन सिस्टम पर दबाव
जब बाहरी वातावरण से शरीर के तापमान में अधिक का अंतर आता है, तो शरीर के आंतरिक तापमान को स्थिर रखने वाले सिस्टम को दोगुना काम करना पड़ता है, जिससे शरीर में थकान और सुस्ती महसूस होती है। मानव शरीर के इम्यून सिस्टम और थर्मोरेग्युलेशन सिस्टम पर अधिक दबाव पड़ता है। इम्यून सिस्टम कमजोर होने से सर्दी-खांसी, वायरल बुखार, गले में संक्रमण और पाचन तंत्र पर असर पड़ता है। डॉक्टरों के अनुसार इस मौसम में लापरवाही और दूषित खानपान के कारण डायरिया, पेट दर्द, उल्टी, डिहाईड्रेशन के बीमार बढ़ जाते हैं। दमे के रोगियों को ज्यादा परेशानी होती है।
बीते सप्ताह में तापमान की स्थिति
| दिनांक | न्यूनतम तापमान (°C) | अधिकतम तापमान (°C) |
|---|---|---|
| 1 अक्टूबर | 19.3 | 36.2 |
| 2 अक्टूबर | 18.0 | 36.0 |
| 3 अक्टूबर | 19.2 | 35.8 |
| 4 अक्टूबर | 19.4 | 36.5 |
| 5 अक्टूबर | 19.5 | 36.0 |
| 6 अक्टूबर | 19.6 | 36.4 |
| 7 अक्टूबर | 20.5 | 37.0 |
पिछले सालों में अक्टूबर का अधिकतम तापमान
| दिनांक | अधिकतम तापमान (°C) |
|---|---|
| 09 अक्टूबर 2021 | 36.0 |
| 29 अक्टूबर 2022 | 34.0 |
| 01 अक्टूबर 2023 | 36.0 |
| 02 अक्टूबर 2024 | 35.8 |
| 24 अक्टूबर 2025 | 33.8 |
| 07 अक्टूबर 2026 | 37.0 |









