दिवाली पर मां लक्ष्मी को किस आसन पर विराजमान करें?

दिवाली का त्योहार मां लक्ष्मी के स्वागत और उनकी पूजा के लिए खास माना जाता है। इस दिन घरों में सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना के साथ लक्ष्मी-गणेश की पूजा की जाती है। मान्यता है कि दिवाली की रात विधि-विधान से मां लक्ष्मी का पूजन करने से घर में सुख और शांति बनी रहती है। लेकिन पूजा के दौरान कुछ बातों का ध्यान रखना भी जरूरी होता है। जैसे मां लक्ष्मी की स्थापना किस आसन पर करनी चाहिए, उन्हें कौन-से फूल पसंद हैं और भोग में किन चीजों को शामिल करना शुभ माना जाता है। आइए जानते हैं दिवाली पर मां लक्ष्मी की स्थापना से लेकर भोग लगाने तक की पूरी जानकारी।
दिवाली पर मां लक्ष्मी को किस आसन पर बैठाना चाहिए?
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, मां लक्ष्मी का प्रिय आसन कमल का फूल है। उन्हें कमल पर विराजमान दिखाया जाता है। इसलिए दिवाली की पूजा में मां लक्ष्मी की ऐसी प्रतिमा या तस्वीर रख सकते हैं, जिसमें वे कमल के आसन पर बैठी हों। पूजा के लिए सबसे पहले घर के मंदिर या किसी साफ स्थान को अच्छी तरह साफ करें। इसके बाद वहां गंगाजल छिड़ककर लकड़ी की चौकी रखें। चौकी पर लाल या पीले रंग का साफ कपड़ा बिछाएं और उस पर मां लक्ष्मी तथा भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित करें। मां लक्ष्मी के सामने कमल का फूल भी अर्पित कर सकते हैं। पुराने समय में पूजा स्थल को गाय के गोबर से लीपकर शुद्ध करने की परंपरा थी। ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी कई जगह इस परंपरा का पालन किया जाता है। इसके बाद दीपक जलाकर मां लक्ष्मी का आवाहन करें और परिवार की सुख-समृद्धि की प्रार्थना करें।
मां लक्ष्मी को कौन-से फूल चढ़ाने चाहिए?
मां लक्ष्मी की पूजा में कमल के फूल का विशेष महत्व माना गया है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, कमल मां लक्ष्मी का प्रिय पुष्प है। इसके अलावा गुलाब और अन्य सुगंधित फूल भी अर्पित किए जा सकते हैं। पूजा के समय मां लक्ष्मी को फूल चढ़ाएं और उनके मंत्रों का जाप करें। साथ ही अपनी गलतियों के लिए क्षमा मांगते हुए परिवार के सुख, शांति और तरक्की की कामना करें।

वहीं, भगवान गणेश को बूंदी के लड्डू या मोदक अर्पित किए जा सकते हैं। भोग लगाने के बाद परिवार के सभी सदस्यों में प्रसाद बांटें।
लक्ष्मी पूजन में जरूर रखें ये 5 शुभ चीजें
दिवाली की पूजा में कुछ चीजों को विशेष महत्व दिया जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इन्हें पूजा में शामिल करना शुभ माना जाता है।
- सुपारी: पूजा में सुपारी को शुभता और मंगल कार्यों का प्रतीक माना जाता है।
- कमल गट्टा: कमल गट्टे का संबंध मां लक्ष्मी की पूजा से है। इससे उनकी आराधना की जाती है।
- कौड़ी: धार्मिक मान्यताओं में कौड़ी को मां लक्ष्मी से जोड़कर देखा जाता है।
- गोमती चक्र: इसे पूजा में रखना शुभ माना जाता है। कई लोग इसे धन और समृद्धि का प्रतीक मानते हैं।
- हल्दी की गांठ: हल्दी को शुभता और मंगल का प्रतीक माना जाता है। इसे पूजा में शामिल किया जाता है।
कुछ परिवारों में इन पांचों चीजों की पांच-पांच संख्या लेकर पूजा करने और बाद में इन्हें लाल कपड़े में बांधकर तिजोरी या धन रखने के स्थान पर रखने की परंपरा है।

यह भी पढ़े: दिवाली की रात इन 11 जगहों पर जरूर जलाएं दीपक
यह भी पढ़े: दिवाली पूजा में रखें इन बातों का ध्यान, मां लक्ष्मी होंगी प्रसन्न
दिवाली का पर्व केवल धन और वैभव की कामना का ही नहीं, बल्कि परिवार के साथ खुशियां बांटने और नई शुरुआत करने का भी अवसर है। ऐसे में मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा पूरे परिवार के साथ श्रद्धा से करें। पूजा में सबसे जरूरी है सच्ची आस्था और मन की पवित्रता।









