मप्र का राजमार्ग नेटवर्क अमेरिका से भी अच्छा होगा

By AV NEWS 2

मुख्यमंत्री डॉ. यादव और केंद्रीय मंत्री गडकरी ने 5800 करोड़ रुपए लागत वाली 10 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का किया लोकार्पण एवं भूमिपूजन

एक साल में देश में तीन लाख करोड़ रुपए की लागत से बनाएंगे रोड नेटवर्क…

उज्जैन। केंद्रीय सडक़ परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा अगले तीन साल में मध्यप्रदेश में ऐसा रोड नेटवर्क तैयार करेंगे जो अमेरिका से भी बेहतर होगा। गडकरी धार जिले के बदनावर के ग्राम खेड़ा में 5800 करोड़ रुपए की लागत वाली 10 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं एवं संबद्ध अधोसंरचना निर्माण कार्यों का भूमि-पूजन एवं लोकार्पण करने आए थे। उनके साथ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी थे।

गडकरी ने कहा कि किसी भी देश को विकसित करने में सडक़ नेटवर्क का अहम योगदान होता है। एनडीए सरकार यह काम बेहतर तरीके से कर रही है। इसका बड़ा फायदा मप्र को मिल रहा है। आज मप्र में कई बड़े रोड प्रोजेक्ट चल रहे है। इन प्रोजेक्ट के आने से इनके आसपास इंडस्ट्रीयल कॉरिडोर विकसित होंगे और इस तरह गरीबी से पार पाया जा सकेगा। गडकरी ने कहा कि अगले एक साल में हम देश में तीन लाख करोड़ का राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क तैयार कर देंगे। इससे रोजगार के अवसर सृजित होंगे और गरीबी और भूखमरी से बाहर निकल आएंगे।

इन कामों की डेडलाइन तय

18 हजार करोड़ से 687 किलोमीटर लंबा इंदौर-हैदराबाद एक्सप्रेस वे मार्च 2026 में पूरा हो जाएगा।

27 करोड़ की लागत से 138 किलोमीटर लंबा उज्जैन से गरोठ फोरलेन ग्रीनफील्ड हाईवे के पहले चरण का काम जुलाई तक पूरा हो जाएगा।

11,500 करोड़ की लागत से भोपाल से कानपुर सिक्सलेन इकोनॉमिक कॉरिडोर मार्च 2027 में पूरा हो जाएगा।

जबलपुर-दमोह फोरलेन का पहला चरण जुलाई में शुरू होगा।

1500 करोड़ से 80 किलोमीटर सतना-चित्रकूट रोड का काम मार्च 2026 के पहले शुरू हो जाएगा।

3400 करोड़ से इंदौर-हरदा फोरलेन मार्च 2026 तक पूरा हो जाएगा।

4000 करोड़ से खंडवा से बैतूल मार्च 2027 तक पूरा होगा।

1300 करोड़ से ग्वालियर का फोरलेन पश्चिमी बायपास मार्च 2027 तक पूरा हो जाएगा।

12 हजार करोड़ की लागत से इंदौर-भोपाल, 15 हजार करोड़ से सिक्सलेन ग्रीनफील्ड कॉरिडोर भोपाल-जबलपुर का डीपीआर बनते ही काम शुरू होगा।

 9 हजार करोड़ की लागत से बनने वाले लखनादौन-7 रायपुर फोरलेन हाईस्पीड कॉरिडोर का काम जल्द शुरू होगा। इसे रायपुर-विशाखापट्नम हाईवे से जोड़ा जाएगा।

ये घोषणाएं भी कीं

सेंट्रल रोड फंड में 1200 करोड़ के कामों को मंजूरी।

33 हजार करोड़ की लागत से 5 ग्रीनफील्ड इकोनॉमिक कॉरिडोर बनेंगे।

ओंकारेश्वर में नर्मदा नदी पर आइकोनिक ब्रिज बनेगा।

सतना से मैहर तक ग्रीनफील्ड कॉरिडोर बनेगा।

1200 करोड़ की लागत से 6 रोप वे बनेंगे। ये उज्जैन, जबलपुर, सागर में बनाए जाएंगे।

1900 करोड़ की लागत से बदनावर मांदला-तिमरवानी फोरलेन को मंजूरी।

280 करोड़ की लागत से मिसरोद से औबेदुल्लागंज सिक्सलेन चौड़ीकरण होगा।

सिंहस्थ के आयोजन में मिलेगी मदद: डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी ने देश का कायाकल्प करने का जो स्वप्न देखा था, प्रधानमंत्री मोदी अटल जी के उसी स्वप्न को साकार करने की दिशा में अग्रसर हैं। इसी अमृतकाल में हमारा देश, विश्व का सबसे अच्छा देश बनकर उभरेगा। सडक़ें विकास का सहज पैमाना होती है। इसलिए गांव-गांव तक रोड कनेक्टिविटी बढ़ाकर हम मध्यप्रदेश की जनता की जिंदगी में बदलाव लाने की दिशा में तेजी से बढ़ रहे हैं। शहरों को भी स्मार्ट सिटी बनाने के लिए प्रयासरत हैं। उन्होंने कहा कि इंदौर और भोपाल जल्द ही मेट्रोपॉलिटिन सिटी बनेंगे। मालवा अंचल को सीधे तौर पर लाभान्वित करने वाली इन सभी राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं से सरकार को सिंहस्थ-2028 के सफल आयोजन में भरपूर मदद मिलेगी। कार्यक्रम में प्रदेश के नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, लोकनिर्माण मंत्री राकेश सिंह, क्षेत्रीय सांसद उपस्थित थे।

इन सडक़ परियोजनाओं का भूमिपूजन और लोकार्पण

गडकरी और मुख्यमंत्री ने उज्जैन-बदनावर खंड पर नवनिर्मित 4 लेन सडक़, उज्जैन-गरोठ के खेड़ा खजुरिया से सुहागड़ी तक 4/6 लेन ग्रीनफील्ड हाई-वे, उज्जैन-गरोठ के सुहागड़ी से बर्डिया अमरा तक 4/6 लेन ग्रीनफील्ड हाई-वे, जीरापुर-सुसनेर-मध्यप्रदेश एवं राजस्थान बॉर्डर खंड पर पेव्ड शोल्डर के साथ 2 लेन सडक़ और बाकानेर घाट पर पेव्ड शोल्डर के साथ अतिरिक्त 3 लेन सडक़ का भी लोकार्पण किया। इसी प्रकार संदलपुर-नसरुल्लागंज खंड पर 4-लेन सडक़, चंदेरी-पिछोर खंड पर पेव्ड शोल्डर के साथ 2 लेन सडक़, इंदौर-गुजरात खंड पर 7 फ्लाई ओवर एवं अंडरपास, शाजापुर, कनासिया एवं एमआईडीसी इंडस्ट्रियल एरिया में 3 फ्लाई ओवर, अंडरपास तथा रसलपुर जंक्शन पर फ्लाई ओवर के कार्यों का भूमि-पूजन किया।

डॉ. यादव की मांग पर 6 नई परियोजनाएं मंजूर

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केंद्रीय मंत्री से ६ नई परियोजनाएं मांगी, जिसे उन्होंने हाथों-हाथ मंजूर कर दिया। केंद्रीय मंत्री ने मध्यप्रदेश में 33 हजार करोड़ रुपए की लागत से एनएचएआई द्वारा निर्मित किए जाने वाले 5 नए ग्रीनफील्ड इकॉनामिक कॉरीडोर निर्माण कार्य, रिंग रोड, एलिवेटेड कॉरीडोर, सेतु एवं अन्य निर्माण कार्यों को भी मंजूरी देते हुए इन निर्माण कार्यों के पूर्ण होने की समय-सीमा भी घोषित की।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *