Popup Image

मोदी कैबिनेट के बड़े फैसले: असम में 2,014 करोड़ से बनेगा एयरपोर्ट, 11 हजार करोड़ की योजना मंजूर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई केंद्रीय कैबिनेट बैठक में कई बड़े फैसले लिए गए। कैबिनेट ने असम के सिलचर में नए ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के निर्माण को मंजूरी दी है। इस परियोजना के लिए 2,014 करोड़ रुपए मंजूर किए गए हैं। इसके अलावा निर्माण और इंफ्रास्ट्रक्चर उपकरणों के विनिर्माण को बढ़ावा देने के लिए 11 हजार करोड़ रुपए की योजना सहित कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को भी स्वीकृति दी गई।

Advertisement

सिलचर में बनेगा नया ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट

कैबिनेट ने असम के सिलचर स्थित डोलू में नए ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के निर्माण को मंजूरी दी है। इस परियोजना पर 2,014 करोड़ रुपए खर्च होंगे, जिसका वित्तपोषण एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) अपने आंतरिक संसाधनों से करेगी।

Advertisement

प्रस्तावित एयरपोर्ट में 12,351 वर्ग मीटर की टर्मिनल बिल्डिंग और 2,705 मीटर लंबा तथा 45 मीटर चौड़ा रनवे बनाया जाएगा। एयरपोर्ट की क्षमता पीक टाइम में 800 यात्रियों को संभालने की होगी, जबकि सालाना करीब 10.1 लाख यात्रियों के आवागमन की क्षमता विकसित की जाएगी।

यह एयरपोर्ट मिजोरम, त्रिपुरा, नागालैंड और मणिपुर सहित पूर्वोत्तर के अन्य क्षेत्रों के लिए कनेक्टिविटी का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। इससे पर्यटन, व्यापार और फल-सब्जियों जैसे खराब होने वाले उत्पादों के परिवहन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

Advertisement

क्रेन, बुलडोजर और टनल मशीनों के निर्माण में भारत बनेगा हब

कैबिनेट ने निर्माण और इंफ्रास्ट्रक्चर उपकरण (CIE) विनिर्माण इकोसिस्टम को मजबूत करने के लिए 11 हजार करोड़ रुपए की योजना को मंजूरी दी है। यह योजना वित्त वर्ष 2026-27 से 2033-34 तक आठ वर्षों के लिए लागू होगी।

योजना के तहत उन उपकरणों के घरेलू निर्माण को बढ़ावा दिया जाएगा, जिनका भारत में आयात पर काफी निर्भरता है। इसमें टनल बोरिंग मशीन, ऑफ-हाइवे ट्रक, एक्सकेवेटर, क्रेन, लोडर, पाइलिंग रिग और ड्रिलिंग मशीन जैसी सात श्रेणियां शामिल हैं।

इस योजना का उद्देश्य भारत को निर्माण और बुनियादी ढांचा उपकरणों के उत्पादन का प्रमुख केंद्र बनाना तथा आयात निर्भरता कम करना है।

कामराजार पोर्ट पर बनेगा दूसरा कंटेनर टर्मिनल

कैबिनेट ने कामराजार पोर्ट लिमिटेड में दूसरे कंटेनर टर्मिनल के विकास को भी मंजूरी दी है। इस परियोजना की अनुमानित लागत GST सहित 4,288.26 करोड़ रुपए होगी।

परियोजना के तहत 900 मीटर लंबा कंटेनर टर्मिनल विकसित किया जाएगा, जिसका डिजाइन ड्राफ्ट 18 मीटर होगा। इसकी सालाना कंटेनर हैंडलिंग क्षमता 20 लाख TEU (ट्वेंटी-फुट इक्विवेलेंट यूनिट) होगी।

डाक संचालन योजना को जारी रखने की मंजूरी

कैबिनेट ने 1,141 करोड़ रुपए के बजट के साथ पोस्टल ऑपरेशंस स्कीम को जारी रखने की मंजूरी दी है। इस योजना के तहत डाक नेटवर्क का आधुनिकीकरण, पार्सल और डाक सेवाओं को मजबूत करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में कनेक्टिविटी बेहतर बनाने पर जोर दिया जाएगा।

संपदा प्रबंधन योजना के लिए 1,491 करोड़ रुपए

डाक विभाग की एस्टेट्स मैनेजमेंट स्कीम को भी जारी रखने की मंजूरी दी गई है। इसके लिए 1,491 करोड़ रुपए का बजट निर्धारित किया गया है। योजना के तहत डाक विभाग की संपत्तियों के प्रबंधन और संबंधित सुविधाओं को बेहतर बनाने पर काम किया जाएगा।

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें