नाबालिग की फर्जी शादी कराने के आरोप में मौलाना से पूछताछ

उज्जैन। इंदौर के खजराना की एक नाबालिग की फर्जी शादी कराने के आरोप में कोर्ट के आदेश पर मौलाना आरिफ नदवी को मंगलवार को पुलिस पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई। आर्टिका वाहन में महाकाल थाने के दो जवानों के साथ पहुंची खजराना पुलिस ने धरपकड़ की कार्रवाई बेगमबाग कॉलोनी स्थित नदवी के घर पर की। पूछताछ के बहाने नदवी को बुलाया, कार के पास बातचीत की और फिर टीम कार में लेकर रवाना हो गई। खजराना टीआई मनोज सेंधव ने बताया कि मौलाना आरिफ नदवी ने नाबालिग की शादी कराई है। नाबालिग के परिजनों ने कोर्ट में दावा प्रस्तुत किया था। इस आधार पर पूछताछ के लिए लाए है। फिलहाल पूरे केस की जानकारी डायरी देखने के बाद ही बता सकूंगा।
कोटमोहल्ला दफ्तर से कागज भी जब्त
बताया जा रहा है कि टीम नदवी के कोटमोहल्ला स्थित दफ्तर भी गई थी। यहां से भी उसने कागजात जब्त किए हैं। फिलहाल यह दस्तावेज क्या है, इसका पता नहीं है। महाकाल टीआई गगन बादल ने बताया कि इंदौर की टीम ने मदद मांगी थी। ऐसे में दो जवान साथ भेजे गए थे।









