चिता में जल रहे शव का मांस खाने वाली कथित किन्नर काली नंद गिरी गिरफ्तार

उज्जैन। चक्रतीर्थ पर चिता पर जल रहे शव को तलवार से काटकर मांस खाने का इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट करने वाली कथित किन्नर काली उर्फ नंद गिरी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। कोर्ट के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया है।
दरअसल, 30 अगस्त को कालभैरव घाट पर रहने वाले विष्णुनाथ गुरु उर्फ बम-बमनाथ ने जीवाजीगंज थाने में काली उर्फ नंदगिरी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। नाथ ने बताया था कि साढू माता की बावडी के पास की निवासी काली उर्फ नंदगिरी ने अपने इंस्टाग्राम एकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट किया है। इसमें वह चक्रतीर्थ श्मशान में मानव शव के साथ अमानवीय हरकत कर रही है।
पुलिस ने काली को पकड़ा तो उसने अपराध स्वीकार कर लिया। उसने यह भी मान लिया कि वीडियो उसने ही शूट करवाया है। जीवाजीगंज थाना प्रभारी प्रतीक शर्मा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 301 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। सीएसपी जीवाजीगंज पुष्पा प्रजापति ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया। यहां से जेल भेज दिया गया है।









