नाबालिग प्रेमी के साथ घर से भागी, मंदिर में की शादी

मांगलिया में किराए का मकान लेकर रहने लगे, पुलिस पकडक़र लाई

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। घट्टिया थाना क्षेत्र में रहने वाली किशोरी का नाना के घर आना जाना था। वहीं मकान मालिक के बेटे से उसका प्रेम प्रसंग शुरू हुआ। दोनों घर छोडक़र भाग गए। मंदिर में शादी की और मांगलिया में किराए का मकान लेकर पति पत्नी की तरह रहने लगे। किशोरी के परिजन ने थाने में उसके अपहरण की रिपोर्ट लिखाई। पुलिस ने तलाश कर इंदौर से दोनों को पकड़ा। किशोरी को परिजन के सुपुर्द करने के बाद युवक को जेल भेज दिया।
एसआई अल्केश डांगी ने बताया कि 27 मार्च को थाना क्षेत्र में रहने वाली महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी नाबालिग बेटी का अज्ञात बदमाश अपहरण कर ले गया है। मामले में केस दर्ज कर किशोरी की तलाश शुरू की गई। जांच में पता चला कि किशोरी ग्राम मुंडली तराना निवासी अपने नाना के घर आना जाना करती थी। वहां रहने वाले आशु उर्फ आशीष पिता कमल लाठी से उसका संपर्क था।
किशोरी अपने माता पिता के मोबाइल से उससे बात करती थी। इस पर पुलिस टीम ने मुंडली पहुंचकर आशु की तलाश की तो पता चला कि वह भी घर पर नहीं है। आशु की मोबाइल लोकेशन ट्रेस की गई लेकिन उसने मोबाइल बंद कर रखा था। पुलिस टीम ने मुखबिरों को अलर्ट किया और किशोरी व आशु की तलाश जारी रखी। इस दौरान सायबर सेल से जानकारी मिली कि आशु की लोकेशन तलावली चांदा मांगलिया इंदौर में मिली है। पुलिस ने तुरंत वहां दबिश दी और 20 अप्रैल को माखन पिता रामचंद्र कुशवाह निवासी तलावली चांदा के घर से किशोरी व आशु को पकड़ लिया।
पति-पत्नी की तरह रह रहे थे
दोनों को पकडक़र पुलिस टीम थाने लाई। यहां दोनों से अलग-अलग पूछताछ शुरू की गई जिसमें उन्होंने पुलिस को बताया कि घर से भागकर इंदौर आए थे। यहां मंदिर में माला डालकर दोनों ने शादी कर ली। इसके बाद किराए का मकान लिया और पति-पत्नी की तरह रहने लगे। आशु ने इस दौरान किशोरी से संबंध भी बनाए।
पॉक्सो, दुष्कर्म का केस, जेल गया
एसआई डांगी ने बताया कि आशु के खिलाफ अपहरण और दुष्कर्म का केस दर्ज कर पॉक्सो एक्ट भी लगाया गया है। किशोरी को परिजन के सुपुर्द करने के साथ आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।









