सीबीजी प्लांट पर बहस की संभावना

नगर निगम का स्थगित विशेष सम्मेलन आज
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। नगर निगम के स्थगित विशेष सम्मेलन में आज घट्टिया में सीबीजी (कंप्रेस्ड बॉयो गैस )प्लांट लगाने के मुद्दे पर जोरदार बहस हो सकती है। इस प्लांट की जमीन को लेकर ग्रामीण आपत्ति दर्ज करा चुके हैं। हालांकि जमीन का आवंटन हो चुका है।
नगर निगम के विशेष सम्मेलन में 27 नंबर पर घट्टिया में सीबीजी प्लांट स्थापित करने का मसला शामिल है। घट्टिया तहसील के डाबरी में इसके लिए जिला प्रशासन ने गुुजरात की एक कंपनी को 20.30 हेक्टेयर जमीन 1.52 लाख रुपए सालाना की लीज पर दी है। 12
अक्टूबर 2026 को ही जमीन आवंटन का आदेश किया गया है। इस जमीन के आवंटन के समय 18 किसानों ने आपत्ति दर्ज कराई थी। एक स्कूल ने भी आपत्ति दर्ज कराई थी। हालांकि जमीन का आवंटन हो चुका है, लेकिन यह मामला आगे कोर्ट में जा सकता है। ऐसे में इस मुद्दे पर बहस की संभावना रहेगी। नेता प्रतिपक्ष रवि राय ने बताया कि सीबीजी प्लांट को लेकर हमारा रवैया एकदम साफ है। इसे करना चाहिए, अगर इसमें कोई त्रुटि है तो उसे ठीक करना चाहिए। हम संशोधन पर बात करेंगे। राय ने बताया कि हालांकि पूरा प्रोजेक्ट ही अभी साफ नहीं है। ऐसे में सम्मेलन में इन सभी मुद्दों पर विचार किया जाएगा। इस संबंध में नगरनिगम के स्वच्छता समिति प्रभारी एसएन चौहान से संपर्क नहीं हो सका।
यह भी दृष्टिकोण
हालांकि डाबरी में प्लांट लगाने का मकसद घट्टिया में औद्योगिक क्षेत्र का होना भी है। घट्टिया औद्योगिक क्षेत्र में प्लांट हैं और कई आ रहे हैं। विक्रम उद्योगपुरी के बाद अब यह क्षेत्र विकसित किया जा रहा है। ऐसे में यहां गैस की आपूर्ति आसानी से हो सकती है। शहर के बॉयोवेस्ट से गैस बनाने का प्रोजेक्ट पहले अवंतिका गैस प्राइवेट लिमिटेड कर रही थी, लेकिन बाद में अचानक उसने प्रोजेक्ट छोड़ दिया। ऐसे में गुजरात की कंपनी आगे आई है।









