MP:चलती यात्री बस में लगी भीषण आग: 40 से ज्यादा यात्री बाल-बाल बचे

देवास। मध्य प्रदेश के देवास जिले में मंगलवार शाम बड़ा हादसा टल गया, जब भोपाल-इंदौर हाईवे पर चलती यात्री बस में अचानक आग लग गई। रीवा से गुजरात के सूरत जा रही बस (क्रमांक एआर20ई2424) में नेवरी फाटा क्षेत्र के पास शाम करीब 5 बजे अज्ञात कारणों से आग भड़क उठी।

आग लगते ही बस चालक ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए वाहन रोक दिया। जैसे ही यात्रियों को आग की जानकारी मिली, बस में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। यात्री अपनी जान बचाने के लिए दरवाजों की ओर दौड़े, जबकि कुछ लोग खिड़कियों से कूदकर बाहर निकले।
सूचना मिलते ही सोनकच्छ और टोंकखुर्द से फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी यात्री की जान नहीं गई, हालांकि सभी यात्रियों का सामान जलकर खाक हो गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस में 40 से अधिक यात्री सवार थे, जो सोमवार रात रीवा से सूरत के लिए रवाना हुए थे। यात्रियों के मुताबिक आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं है, लेकिन कुछ लोगों ने आशंका जताई कि कुछ किलोमीटर पहले बस में डीजल भरवाने के बाद लीकेज हो रहा था, जिससे आग भड़क सकती है।फिलहाल पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा है और आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है।









