सिहंस्थ के पहले सदावल सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट की 132 केवी लाइन के 5 टावर होंगे शिफ्ट

बिजली नेटवर्क की सुरक्षा और रखरखाव को सुगम बनाएगा एमपी ट्रांसको
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। सदावल सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के पास से गुजर रही 132 केवी लाइन के 5 टावर को शिफ्ट किया जाएगा। सिंहस्थ 2028 के मद्देनजर यह तैयारी की जा रही है।
दरअसल, सीएम डॉ. मोहन यादव ने लाइन के टावर शिफ्ट करने के निर्देश एमपी ट्रांसको को दिए थे। इसी कड़ी में कंपनी यह काम शुरू करने जा रही है। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बताया कि राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक सिंहस्थ-28 के दौरान उज्जैन में निर्बाध विद्युत आपूर्ति की है। इसके तहत ही पारेषण नेटवर्क की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है। मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) इसी कड़ी में सदावल सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट क्षेत्र से गुजरने वाली 132 केवी उज्जैन-रातडिय़ा ट्रांसमिशन लाइन के पांच टावरों को शिफ्ट कर रही है। यह काम शुरू कर दिया गया है।
शिफ्टिंग क्यों जरूरी
सदावल सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट क्षेत्र के करीब 1026 मीटर लंबाई और 686 मीटर चौड़ाई वाले हिस्से में 132 केवी ट्रांसमिशन लाइन के पांच टावर हैं। यह क्षेत्र पानी में डूबा रहता है। इस वजह से इन टावरों और लाइन का नियमित रखरखाव करने में कठिनाइयां आती हैं। लगातार पानी में डूबे रहने का असर टावर की मजबूती पर भी पड़ता है। टावर शिफ्टिंग होने से लाइन का रखरखाव और मेंटेनेंस कार्य अधिक सुगमता से होगा। इससे बिजली नेटवर्क की सुरक्षा और विश्वसनीयता करने में मदद मिलेगी।
सिंहस्थ मेला क्षेत्र की आपूर्ति के लिए महत्वपूर्ण है लाइन
सिंहस्थ आयोजन में निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने में यह लाइन महत्वपूर्ण होगी। यह 132 केवी ट्रांसमिशन लाइन 220 केवी सबस्टेशन शंकरपुरा और 132 केवी सबस्टेशन रातडिय़ा को जोड़ती है। रातडिय़ा सबस्टेशन सिंहस्थ मेला क्षेत्र में आता है। ऐसे में यह लाइन उज्जैन शहर और सिंहस्थ क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। लाइन 1992 में डाली गई थी, जबकि सदावल सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट 2013-14 में बना था।









