छठ पर्व की तैयारी : स्टेशन पर जीआरपी और आरपीएफ ने शुरू किया सुरक्षा अभियान

कई अन्य व्यवस्थाओं में भी बदलाव
उज्जैन। दिवाली गुजरते ही छठ पर्व की तैयारी शुरू हो गई है। इसके चलते उत्तरप्रदेश एवं बिहार की तरफ जाने वाली ट्रेन में भीड़ बढ़ गई है। जीआरपी एवं आरपीएफ ने रेलवे स्टेशन पर विशेष अभियान शुरू किया है। यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने भी अतिरिक्त व्यवस्था जुटाई है।
दरअसल, रतलाम मंडल के उज्जैन, रतलाम, नागदा, इंदौर जैसे शहरों में पूर्वाचंल समाज के लोग काफी संख्या में हैं। इनमें से कई पर्व मनाने के लिए बिहार, यूपी की तरफ यात्रा करते हैं। इसके चलते इन राज्यों तक जाने वाली ट्रेन फुल रहती है। भीड़ का फायदा उठाने लिए चोर-बदमाश भी सक्रिय रहते हैं। ऐसे में इन यात्रियों की सुरक्षा के लिए रेलवे ने सभी स्टेशन पर अतिरिक्त इंतजाम किए हैं।
यह बदलाव किए रेलवे ने
कोच डिस्प्ले बोर्ड के माध्यम से डिब्बों की जानकारी दी जा रही है।
रेलवे स्टेशन पर लगातार उद्घोषणा के माध्यम से ट्रेन के आने-जाने और अन्य बदलाव की सूचना दी जा रही है।
खासकर जनरल कोच कहां आ रहे हैं, किस ट्रेन में इनकी संख्या कितनी है, यह बताया जा रहा है।
ट्रेन के कोच में यात्रियों को कतार के माध्यम से प्रवेश दिया जा रहा है, ताकि अफरा-तफरी की स्थिति नहीं बने।
स्टेशन पर चैकिंग स्टाफ, आरपीएफ एवं जीआरपी जवानों की संख्या बढ़ाई गई है।
आरपीएफ जवान ट्रेन के आगमन और प्रस्थान के समय खास निगाह रख रहे हैं।
पीआरओ मुकेश कुमार ने बताया कि पश्चिम रेलवे के बड़े स्टेशनों से गोरखपुर, पटना, दानापुर, राजगीर, झंझारपुर, जयनगर की तरफ विशेष ट्रेन चलाई जा रही हैं।









