दो दिन में खाली करें मकान

बिनोदालय ,दीपालय में रहने वाले लोगों को नोटिस जारी

उज्जैन। फ्रीगंज पुल के समीप बिनोदालय और दीपालय में रहने वाले लोगों को न्यायालय तहसीलदार तहसील उज्जैन नगर द्वारा दो दिन के भीतर मकान खाली करने का नोटिस जारी किया है।
फ्रीगंज पुल के समीप बिनोदालय और दीपालय नाम से दो मंजिला भवन बने हुए हैं। शहर की प्रसिद्ध माने जाने वाली बिनोद मिल के अधिकारियों को यहां पर रहने के लिए कई वर्ष पहले मकान आवंटित किए गए थे। कई परिवार इन मकानों में 50 वर्ष से ज्यादा समय से रह रहे हैं।

तहसील नगर उज्जैन की ओर से जारी किए गए नोटिस में सभी को 29 नवंबर 2024 तक मकान खाली करने का कहा गया है। बिनोदालय और दीपालय मकानों को इसलिए खाली करवाया जा रहा है क्योंकि यहां पर फ्रीगंज ओवर ब्रिज के समांतर नवीन आरओबी का निर्माण करवाया जाएगा। नोटिस मिलने के बाद यहां पर रहने वाले लोगों में बेचैनी हो गई है कि किस प्रकार दो दिन के भीतर कैसे इंतजाम करके मकान को खाली करें|










