पेंटर ने फांसी लगाई, महिला ने सल्फास खाकर दी जान

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। पेंटर ने अज्ञात कारणों के चलते फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली वहीं एक महिला ने सल्फास खाकर जान दी। दोनों मामलों में पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पीएम कराया।

नरवर निवासी 30 वर्षीय गोविंद जाटवा पिता बाबूलाल ने घर में रस्सी से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसके भाई जितेन्द्र जाटवा ने बताया कि रात में दोनों ने साथ में खाना खाया था। इसके बाद गोविंद अपने कमरे में सोने चला गया। सुबह 8.30 बजे तक वह कमरे से बाहर नहीं आया तो जगाने पहुंचा।
गोविंद फंदे पर लटका दिखा उसे उतारकर चरक अस्पताल लाए जहां डॉक्टर ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। जितेन्द्र ने बताया कि गोविंद की पत्नी शालिनी बागपुरा स्थित मायके गई थी। उसका भाई पेंटर था। किन कारणों के चलते उसने फांसी लगाई इसकी जानकारी नहीं है। इधर निशा कुंवर पति गोविंद ठाकुर 35 वर्ष निवासी सेखाखेड़ी महिदपुर को जहरीला पदार्थ खाने पर परिजनों ने प्रायवेट अस्पताल में भर्ती कराया था जहां रात में निशा की मृत्यु हो गई। माधव नगर पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पीएम कराया।
युवक की संदिग्ध मौत
जवासिया राघवी निवासी 40 वर्षीय पीरूलाल पिता गंगाराम की घर में तबीयत बिगडऩे पर भाई संतोष परमार उसे चरक अस्पताल लेकर आया। यहां परीक्षण के बाद डॉक्टर ने पीरूलाल को मृत घोषित कर दिया। संतोष ने बताया कि पीरूलाल पीथमपुर में रहता था और तीन दिन पहले गांव आया था। दिन में दोनों भाइयों ने साथ में मकान का काम किया। रात को खाना खाया। उसके बाद पीरूलाल की तबीयत बिगड़ी थी।








