सिंहस्थ के लिए शिप्रा नदी पर दो ब्रिज बनने का रास्ता साफ

बजट में शामिल हुए प्रोजेक्ट, जल्द जारी होगी प्रशासकीय स्वीकृति

अक्षरविश्व न्यूज|उज्जैन। सिंहस्थ 2028 के लिए शिप्रा नदी पर बनने वाले दो ब्रिज बनाने का रास्ता अब पूरी तरह साफ हो गया है। दोनों प्रोजेक्ट बजट में शामिल कर लिए गए हैं, जिससे प्रशासनिक स्वीकृति भी जल्द जारी हो जाएगी। नगर निगम के खजाने में जमा 21 करोड़ रुपए भी जल्द ही पीडब्ल्यूडी को मिल जाएंगे, जिससे काम शुरू कर दिया जाएगा। दरअसल, यह राशि (21 करोड़) करीब एक साल से नगर निगम की जेब में पड़ी थी लेकिन अतिरिक्त राशि की प्रशासकीय स्वीकृति न मिलने से काम शुरू नहीं हो पा रहा था।
सिंहस्थ में भीड़ प्रबंधन के लिए शिप्रा नदी पर दो ब्रिज बनाने की योजना पर पिछले एक साल से कवायद चल रही है। मजे की बात यह कि इसके लिए सरकार 21 करोड़ रुपए जारी भी कर चुकी है, लेकिन ब्रिज के काम अटके हुए हैं। एक ब्रिज एसआर 24 मार्ग पर त्रिवेणी हिल्स कॉलोनी के पीछे सिकंदरी गांव की ओर 150 मीटर लंबा ब्रिज शिप्रा नदी पर बनाया जाएगा। दूसरा गऊघाट पाला से सावराखेड़ी के बीच 200 मीटर लंबा फोरलेन ब्रिज बनाने की योजना है। ये दो बड़े प्रोजेक्ट तकनीकी समस्या में उलझ गए थे।
वह यह कि पहले इनको बनाने की जिम्मेदारी नगर निगम को दी गई थी और 21 करोड़ रुपए भी दे दिए गए थे। बाद में सरकार ने ये दोनों प्रोजक्ट पीडब्ल्यूडी ब्रिज को सौंप दिए। पीडब्ल्यूडी ब्रिज ने नए सिरे से योजना तैयार की और इन्हें टू लेन की जगह फोरलेन बनाने का प्रस्ताव सरकार के पास भेजा।
इसमें प्रॉजेक्ट की राशि बढक़र 35 करोड़ हो गई। इस कारण 14 करोड़ रुपए की अतिरिक्त राशि की डिमांड भेजी गई, लेकिन विभाग प्रशासकीय स्वीकृति नहीं दे पा रहा था। इसके पीछे तकनीकी अड़चन यह आ रही थी कि दोनों प्रोजेक्ट बजट में शामिल नहीं थे। अब सभी अड़चनें दूर हो गई हैं। नगर निगम की महापौर परिषद ने भी 21 करोड़ की राशि पीडब्ल्यूडी को हैंडओवर करने की अनुशंसा कर दी है, जिससे यह पैसा ब्रिज बनाने में उपयोग किया जा सकेगा।









