चाकू रखकर घूमने वाले बदमाशों का जुलूस

अपराध की दुनिया में कदम रखते ही चाकू रखना फैशन समझ रहे युवा, दो पकड़ाए

अक्षरविश्व न्यूज|उज्जैन। अपराध करने की नीयत से जेब में चाकू रखकर घूमने वाले बदमाशों पर नकेल कसने के लिए एसपी प्रदीप शर्मा ने एक बार फिर मौका मुआयना अभियान को पुनर्जीवित किया है। इस बार भी चिमनगंज मंडी पुलिस ने ही इंदिरा नगर चौराहे से उन बदमाशों का जुलूस निकाला जिनसे चाकू बरामद हुए थे। इन बदमाशों को देखने के लिए इलाके में भारी भीड़ जमा थी जो पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई की सराहना कर रही थी।
लोगों का कहना था कि इन बदमाशों के खिलाफ ऐसा ही सुलूक होना चाहिए।टीआई हितेश पाटिल ने बताया कि मंगल नगर गली नंबर 5 निवासी महेश देवड़ा पिता बालकृष्ण देवड़ा और यादव नगर निवासी 22 वर्षीय कपिल मालवीय पिता किशोर मालवीय को चैकिंग के दौरान बाइक पर जाते हुए पकड़ा था। दोनों की तलाशी ली तो इनके पास से एक-एक चाकू बरामद हुए।
पूछताछ में पता चला कि दोनों बदमाश किसी वारदात की नीयत से पेंट के अंदर कमर में चाकू खोंसकर घूम रहे थे। टीआई पाटिल के अनुसार दोनों आदतन अपराधी हैं। महेश देवड़ा के खिलाफ थाने में पूर्व से 5 से अधिक अपराध दर्ज हैं जबकि कपिल के भी पुराने रिकार्ड हैं। इनके खिलाफ आम्र्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर थाने की टीम के साथ इंदिरा नगर ले जाकर मौका मुआयना कराया गया।पुलिस की सख्ती
पुलिस द्वारा जिले में चैकिंग
अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान बड़ी संख्या में युवकों को पुलिस ने पकड़कर चाकू, पिस्टल बरामद किए। खास बात यह कि नई उम्र के युवक अपराध की दुनिया में कदम रखते ही चाकू-पिस्टल कमर में फंसाकर रखना फैशन समझ रहे हैं। रंगदारी करते समय यही बदमाश चाकू चलाने से परहेज नहीं करते। इसी के चलते शहर में रंगदारी और चाकूबाजी की वारदातें भी बढ़ी हैं। अब पुलिस ऐसे चाकूबाजों पर नकेल कसने का अभियान चला रही है।









