उज्जैन को नशे से बचाने के लिए जनप्रतिनिधि और अफसर साथ दौड़े

शपथ ली… अपने बच्चों का भविष्य बनाना है तो नशे से बचना पड़ेगा

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। नशा मुक्त समाज बनाने के लिए पुलिस मुख्यालय और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा के नेतृत्व में कंट्रोल रूम से सुबह आठ बजे जनजागृति रैली निकाली गई। एनआरएस, पुलिस, महिला पुलिस और सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों ने रैली शामिल होकर नशा न करने की शपथ ली और शहर को संदेश भी दिया। रैली फ्रीगंज से होती हुई टॉवर, तीन बत्ती और देवास रोड होती हुई कंट्रोल रूम परिसर मेेंं समाप्त हुई।
नगर निगम अध्यक्ष कलावती यादव ने रैली में शामिल लोगों को शपथ दिलाई। राज्यसभा सदस्य उमेशनाथ योगी, संभागायुक्त संजय दुबे, डीआईजी नवनीत भसीन, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा और भाजपा नगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल रैली में दौड़े। एसपी ने कहा कि नशा नाश की जड़ है। सभी को मिलकर इस सामाजिक बुराई को दूर करना है। पुलिस अपने स्तर पर नशे के सौदागरों को पकड़ती है, लेकिन समाज की भी जिम्मेदारी है। युवा इस देश का भविष्य हैं। समाज को उनसे कई अपेक्षाएं हैं। परिवार को बचाना है, अपना जीवन सुरक्षित करना है तो नशे से दूर रहें।
राम नाम का नशा करो
उमेश महाराज ने कहा कि यह नशा आपका जीवन बर्बाद कर देगा। नशा करना है तो राम नाम का नशा करो, तुम्हारा जीवन बन जाएगा। बच्चों के माता-पिता से अनुरोध है कि वे बच्चों को जेब खर्च ज्यादा न दें।
जीवन बर्बाद किया है
विधायक ने कहा कि नशे से जीवन बना नहीं बर्बाद ही हुआ है। युवा पीढ़ी को इससे बचने की जरूरत है। समाज के सभी लोग मिलकर आगे आएंगे तभी यह बुराई दूर हो सकेगी। शपथ लें, हम नशा नहीं करेंगे।
जनजागृति रैली की झलकियां
सबसे पहले सुबह 7.10 बजे नरवर एनआरएस की टीम पहुंची
पंवासा एनआरएस महिलाओं की टीम 7.15 पर पहुंची।
विधायक और भाजपा नगर अध्यक्ष को एसपी ने टीशर्ट दी। कुर्ते पर बुमश्किल टीशर्ट फिट हुई।
विधायक का गेट पर एक पुलिसकर्मी ने स्वागत किया। विधायक बोले, हमारे उत्तर में भी रैली निकालिए। सबसे ज्यादा नशा तो उधर ही होता है।
संचालक ने कहा, रैली टॉवर से छत्रीचौक जाएगी। एसपी ने टोका, नहीं तीन बत्ती जाएगी।
नगर निगम अध्यक्ष को विदाई देने में एसपी लेट हो गए। रैली बहुत दूर जा चुकी थी। उन्होंने दौड़ लगाई और रैली में शािमल हो गए।
तीन बत्ती चौराहे पर यातायातकर्मी का एक युवक से जमकर विवाद हो गया। लोगों ने बीच-बचाव किया।
रैली मार्ग पर वाहन चालक अपनी आदत से बाज नहीं आए। वे बीच में वाहन फंसाते रहे।
रैली में विभिन्न थानों की नगर रक्षा समिति (एनआरएस) के २७० कार्यकर्ता थे।
एनआरएस की 38 महिलाएं शामिल हुईं।
खेल विभाग से 57 लोग शामिल हुए।
22 यातायात और 23 पुलिस कर्मचारी शामिल थे।
रैली में पांच स्कूली बच्चे भी शामिल हुए।
रैली में शामिल सभी लोग टॉवर चौक तक तेज दौड़े। देवास रोड तक कई लोग हांफने लगे। धीरे-धीरे चले।
रैली के अंत में सभी को जलपान कराया गया।
एसपी के साथ सेल्फी की होड़ लगी रही। रैली में शामिल कई लोग बोले, सूचना देर से मिली वरना संख्या और बढ़ जाती।









