पुणे मर्डर- मंगेतर संग रोमांटिक पोस्ट, प्रेमी ने ऐसे रची हत्या की साजिश

महाराष्ट्र के पुणे से एक ऐसा खौफनाक हत्याकांड सामने आया है जिसने ‘परफेक्ट लव स्टोरी’ के पीछे छिपे काले सच को उजागर कर दिया है। सोशल मीडिया पर जिस मंगेतर के साथ रोमांटिक डांस वीडियो, सगाई के केक और ‘बर्थडे काउंटडाउन’ की तस्वीरें शेयर की जा रही थीं, उसी मंगेतर को एक सोची-समझी साजिश के तहत मौत के घाट उतार दिया गया। पुलिस ने 20 वर्षीय युवती सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी (22) को मंगेतर केतन अग्रवाल (26) की हत्या और आपराधिक साजिश के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है।

शादी से इनकार नहीं, पर रास्ते से हटाने का खौफनाक प्लान
लिव-इन और सगाई का तनाव
पुलिस जांच के अनुसार, सिया गोयल और चेतन चौधरी पिछले एक साल से प्रेम संबंध में थे। हालांकि, सिया के परिवार ने उसका रिश्ता पुणे के एक बड़े रियल एस्टेट कारोबारी के बेटे केतन अग्रवाल से तय कर दिया था। फरवरी में दोनों की सगाई भी हो गई। सिया सगाई तोड़कर भागने के पक्ष में नहीं थी क्योंकि उसे डर था कि इससे समाज में उसके परिवार की बदनामी होगी। बदनामी से बचने के लिए उसने केतन को ही रास्ते से हटाने का खौफनाक रास्ता चुना।
बर्थडे से ठीक एक दिन पहले वारदात
19 जून को सिया का जन्मदिन था, जिसके लिए केतन एक महीने पहले से ही हर दिन नए सरप्राइज दे रहा था। लेकिन अपने जन्मदिन से ठीक एक दिन पहले, यानी 18 जून को सिया ट्रैकिंग के बहाने केतन को लोहगढ़ किले पर ले गई। वहां उसने अपने बॉयफ्रेंड चेतन के साथ मिलकर केतन को करीब 400 फीट गहरी खाई में धक्का दे दिया। वारदात के बाद सिया ने पुलिस को गुमराह करने के लिए इसे एक हादसा बताया और कहा कि केतन का पैर फिसल गया था। यहां तक कि अगले दिन सोशल मीडिया पर उसने एक भावुक पोस्ट लिखकर दुख का ढोंग भी किया।
गर्मी में ‘हुडी’ और CCTV फुटेज से पुलिस को हुआ शक
इस अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझाने में लोहगढ़ किले के टिकट काउंटर पर लगे सीसीटीवी कैमरों और मौसम के मिजाज ने बड़ी भूमिका निभाई:
-
33 डिग्री में हुडी का रहस्य: पुलिस ने जब 18 जून के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तो केतन और सिया के पीछे करीब 20 फीट की दूरी पर एक संदिग्ध युवक चलता दिखाई दिया। जून की तपती गर्मी में जब तापमान 33°C था, उस युवक ने शॉर्ट्स के साथ एक हुडी पहन रखी थी और हुडी को चेहरे तक खींच रखा था।
Advertisement -
संदेहास्पद हरकत: एक फुटेज में दिखा कि सिया जैसे ही पीछे मुड़ती है, वह हुडी वाला युवक तुरंत नीचे बैठ जाता है। इतनी तेज गर्मी में किसी का हुडी पहनना पुलिस को खटक गया।
कॉल रिकॉर्ड्स (CDR) और डिजिटल सबूतों से खुला राज
पुलिस ने जब सिया के मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाली, तो चौंकाने वाला डेटा सामने आया:
-
2004 कॉल्स और 238 घंटे बात: सिया और चेतन के बीच 1 जनवरी से 18 जून के बीच कुल 2004 बार फोन पर बातचीत हुई थी, जो कुल 238 घंटों की थी।
-
चेहरे का मिलान: जब पुलिस ने चेतन चौधरी की सोशल मीडिया तस्वीरों का मिलान सीसीटीवी में दिख रहे हुडी पहने युवक से किया, तो हुलिया पूरी तरह मैच हो गया। हिरासत में लिए जाने के बाद कड़ी पूछताछ में चेतन ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पहले भी की थी मारने की कोशिश, चोरी किया था पासपोर्ट
परिजनों और पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सिया काफी समय से केतन को लोहगढ़ किले ले जाने की जिद कर रही थी। वह 31 मई और 14 जून को भी उसे वहां ले गई थी।
-
सांप का नाटक: 14 जून को भी सिया ने केतन को खाई में धकेलने का प्रयास किया था, लेकिन केतन एक झाड़ी पकड़कर लटक गया। जब केतन ने इस बारे में पूछा, तो सिया ने वहां सांप होने का नाटक किया और ऐसा दिखाया कि वह उसकी जान बचा रही थी।
-
पासपोर्ट की मिस्ट्री: सिया और चेतन दोनों इंडोनेशिया के बाली में होने वाले प्री-वेडिंग फोटोशूट से पहले ही केतन की हत्या करना चाहते थे, लेकिन ऐन वक्त पर केतन का पासपोर्ट रहस्यमय ढंग से गायब हो गया जिससे ट्रिप कैंसिल हो गई। पुलिस को अंदेशा है कि पासपोर्ट भी सिया ने ही चुराया था।
करोड़ों की शादी और बड़ा बिजनेस बैकग्राउंड
मृतक केतन अग्रवाल पुणे के गहुंजे के रहने वाले थे और रियल एस्टेट सर्कल के बड़े नाम व ‘सक्सेस ग्रुप’ के डायरेक्टर विशाल अग्रवाल के बेटे थे। केतन खुद कंपनी में डायरेक्टर और चीफ मार्केटिंग ऑफिसर (CMO) थे। उन्होंने सिंबायोसिस यूनिवर्सिटी से बीबीए और अमेरिका के प्रतिष्ठित बैब्सन कॉलेज से एमएस (MS) की डिग्री ली थी। वहीं आरोपी सिया गोयल एक ड्राई फ्रूट्स कारोबारी की बेटी है।
दोनों की शादी इसी साल नवंबर में होनी तय हुई थी, जिसके लिए राजस्थान में 17 करोड़ रुपए का एक आलीशान पैलेस बुक किया जा चुका था और मेहमानों के लिए दो चार्टर्ड प्लेन तक बुक थे। लेकिन शादी के मंडप में पहुंचने से पहले ही यह रिश्ता बेहद खौफनाक मोड़ पर खत्म हो गया।









