रिटायर्ड फौजी ने भाजपा नेता को गोली मारी

By AV NEWS

देर रात विवाद के बीच पुलिस की मौजूदगी में हमला, घायल का उपचार जारी

अक्षरविश्व न्यूज.उज्जैन:हामूखेड़ी थाना नागझिरी क्षेत्र में रहने वाले भाजपा नेता रात करीब 1 बजे यहीं रहने वाले रिटायर्ड फौजी ने अपनी लायसेंसी बंदूक से सीने में गोली मार दी। इस दौरान पुलिस मौके पर मौजूद थी और दोनों पक्षों के बीच समझौते के मामले को समझ रही थी तभी बात बिगड़ी और हमला हो गया। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर हमलावर की तलाश शुरू की है।

पुलिस ने बताया प्रकाश यादव निवासी हामूखेड़ी भाजपा नेता है। उसका कुछ दिनों पहले हामूखेड़ी में रहने वाले भदौरिया परिवार से बच्चों की बात को लेकर कुछ विवाद हुआ था। इसी मामले को लेकर समझौता करने रात करीब 1 बजे दोनों पक्ष मिले थे। यहां नागझिरी थाना पुलिस भी पहुंची थी तभी बातचीत के दौरान कुछ विवाद हुआ और सुरेन्द्र भदौरिया निवासी हामूखेड़ी ने अपनी बंदूक से प्रकाश के सीने पर गोली चला दी।

गंभीर घायल प्रकाश को प्रायवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इधर सुरेन्द्र भदौरिया मौके से फरार हो गया जबकि पुलिस ने उसके बड़े भाई सुनील भदौरिया को हिरासत में लिया है। वहीं मारपीट की घटना में दूसरे पक्ष से सुनील भदौरिया की मां ललितादेवी पति विजय सिंह भदौरिया 56 वर्ष निवासी हामूखेड़ी भी घायल हुई हैं जिनका पुलिस अभिरक्षा में जिला चिकित्सालय में उपचार जारी है।

समर्थकों की अस्पताल में भीड़, पुलिस लगाई

प्रकाश यादव को गोली लगने की सूचना मिलने के बाद बड़ी संख्या में उनके समर्थक प्रायवेट अस्पताल में एकत्रित होने लगे। संदिग्धों पर नजर और भाजपा नेता व उनके परिजनों को परेशानी न हो इसके मद्देनजर प्रायवेट अस्पताल में अतिरिक्त पुलिस फोर्स तैनात किया गया है। यहां पर आने जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति पर पुलिस द्वारा नजर रखी जा रही है। इधर दूसरे पक्ष से घायल ललितादेवी का भी पुलिस अभिरक्षा में उपचार चल रहा है।

मुख्य आरोपी की तलाश भाई पुलिस हिरासत में

पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने बताया कि प्रकाश यादव की हालत खतरे से बाहर है। उन पर हमला करने में शामिल मुख्य आरोपी के भाई पकड़ा चुके हैं। प्रकाश यादव के पक्ष से थाने में एफआईआर दर्ज हुई है। दूसरे पक्ष के बयान लेकर जांच के बाद केस दर्ज करेंगे। हालांकि बच्चों के बीच हुए विवाद के बाद समझौते के दौरान का मामला ही सामने आया है। मुख्य आरोपी सुरेन्द्र भदौरिया की तलाश जारी है। उसकी बंदूक का लायसेंस भी निरस्त कराया जायेगा।

Share This Article