घेराबंदी में गिरफ्तार हुआ या सरेंडर हुआ तीन साथियों के नामों का खुलासा किया

By AV NEWS

सुर्खियों में सलमान…एक बार फिर रिमांड पर लेगी नागदा पुलिस, फिलहाल वह जेल में है

  • थांदला कांड के लिए रिमांड मांगेगी पुलिस
  • चार साथियों के बारे में जानना है पुलिस को
  • एक्सरे रिपोर्ट सामान्य आई, फैक्चर नहीं हुआ
  • दुबई में वह खरीद चुका है आलीशान बंगला

अक्षरविश्व न्यूज|उज्जैन। कुख्यात बदमाश सलमान लाला को अभी बहुत से राज उगलना है। पुलिस एक बार फिर उसे रिमांड पर लेना चाहेगी। अभी उसने तीन नामों का खुलासा किया जो उसके साथ एमडी ड्रग्स की स्मगलिंग करते थे। अब नई कहानी भी सुनने में आई है। कुछ लोग इस कहानी की परतें निकालने में लगे हुए हैं।

कहानी यह है कि सलमान गिरफ्तार नहीं हुआ है। उसे सरेंडर कराया गया है। इसके पीछे कई लोग हैं जिन्होंने उसके सरेंडर होने की पटकथा लिखी है। यह कहानी सच्ची है या कपोल कल्पित है, इसका खुलासा आने वाले दिनों में ही होगो। फिलहाल, यह कहानी अब थोड़ी उलझती हुई दिखाई दे रही है। सलमान लाला इस समय जेल में है। नागदा पुलिस उसका मौका मुआयना करवा चुकी है। पुलिस का मकसद यही था कि जिन गलियों में उसका खौफ और दहशत थी, वहां के लोग उसका हश्र देख लें। गलियों में घुमाने के बाद पुलिस उसे थाने ले आई।

लोगों ने सवाल उठाए, जवाब नहीं

नागदा के वे लोग जिन्होंने सलमान को लंगड़ाते हुए देखा। पैर के निचले हिस्से में पट्टियां बंधी देखीं, वही पट्टियां अगले अंक में गायब थीं। इस पर सवाल उठाए गए। पूछा गया कि जिस व्यक्ति के पैरों में पट्टियां बंधी हों, वह चलने फिरने के लायक नहीं हो। वह सामान्य कैसे हो गया। पुलिस ने इसका जवाब नहीं दिया है। इसे कहानीकारों की पटकथा का एक हिस्सा माना जा रहा है।

दोबारा पूछताछ होगी

सलमान को रिमांड पर लेने के लिए नागदा पुलिस एक बार पुन: न्यायालय में अपना पक्ष रखेगी। कारण यह कि थांदला में उसके द्वारा बनवाए गए नकली दस्तावेजों का पूरी तरह खुलासा नहीं हुआ है। उसके खिलाफ चारसौबीसी का मुकदमा दर्ज है। इसी को आधार बना कर रिमांड मांगा जाएगा।

तीन नामों का खुलासा

सलमान ने नागदा पुलिस की कस्टडी में प्रतापगढ़ देवल जी के रहने वाले शाहरूख, जावरा के मोहम्मद नवाज और उज्जैन के अब्दुल रहमान के नामों का खुलासा किया है। यह तीनों ही शातिर बदमाश हैं और सलमान के लिए एमडी ड्रग्स की स्मगलिंग करते हैं। पुलिस इन तीनों को पकड़ेगी और पूछेगी कि वह यह ड्रग्स कहां से लाते थे और कहां सप्लाई करते थे। क्या कॉलेज के विद्यार्थी और स्कूल के भोलेभाले बच्चों को इन्होंने अपनी चपेट में लिया था।

04 नाम और हैं अभी

पुलिस रिकॉड में सलमान के खिलाफ करीब दस मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या के प्रयास, लूट, फिरौती, चोरी और आर्म्स एक्ट महत्वपूर्ण हैं। इसके तीन अन्य साथी हैं सद्दाम, गुलफाम, युनूस और आमीर। इन चारों के माध्यम से वह अपने दुश्मनों पर हमले करवाता था। एक विवादित प्रॉपर्टी को लेकर उसका प्रेम राजावत नामक व्यापारी से विवाद चल रहा था। इन सभी ने मिल कर प्रेम को घेर लिया और चाकू से करीब डेढ़ दर्जन वार किए थे। पुलिस इनमे बारे में भी पता लगाएगी

चोट लगी है यूं ही बनी कहानी

जब अपराधी बड़ा या चर्चित हो जाता है तो उसकी हर हरकत एक कहानी बन जाती है। इस समय सलमान लाला के साथ यही हो रहा है। लोग और मीडिया की उस पर पूरी नजर है। पुलिस का कहना है कि जब उसकी घेराबंदी हुई तब वह भागने में गिर गया। प्रेस के सामने वह व्हील चेयर पर आया। बाद में वह बस स्टैंड पर पैदल चलता हुआ दिखाई दिया। एक्सरे रिपोर्ट पर नार्मल आई। यानी उसे चोट नहीं थी, फैक्चर नहीं हुआ था।

कितना आसामी है सलमान

पुलिस सूत्रों का कहना है कि सलमान ने दुबई में तीन करोड़ को फ्लैट खरीदा था। वह आधी रकम बयाने में दे चुका था। पुलिस अब यह पता लगाएगी कि कामकाज कुछ भी नहीं। बावजूद इसके उसके पास इतना पैसा कहां से आया? वर्तमान में उसके बैंक खातों में कितनी राशि है? यह राशि वह कहां से लेकर आया? पुलिस उसकी पूरी जन्म कुंडली खंगालने में लगी है। इधर कुछ लोगों का यह कहना भी है कि उसके राजनेताओं से भी गहरे संबंध हैं। यह संबंध उसके लिए कितने कारगर साबित होते हैं यह आने वाला वक्त बताएगा।

Share This Article