रुद्राक्ष बेचने वाली ने सोने के नकली बिस्किट देकर ढाई लाख रुपए ठगे

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। लालच बुरी बला है। यही बला देवास में रहने वाले एक युवक को ले बैठी। एक महिला ने सौ सोने के बिस्किट का लालच दिया और वह ढाई लाख की ठगी का शिकार हो गया। जब बिस्किट की जांच कराई तो वह नकली निकले। उसने पुलिस की शरण ली। चिंतामण पुलिस ने ठगी का केस दर्ज कर लिया है।

पुलिस ने बताया आवास नगर देवास में रहने वाले 30 वर्षीय राकेश पिता अंबाराम वर्मा ने संगीता नामक एक अज्ञात महिला के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है। राकेश ने पुलिस को बताया कि वह देवास में हेयर कटिंग की दुकान संचालित करता है। बीस दिन पहले उसकी मुलाकात रुद्राक्ष बेचने वाली महिला से हुई। उसने अपना नाम संगीता बताया। उसने कहा कि मुझे सोने के सौ बिस्किट मिले हैं। मैं ढाई लाख रुपए में बेचना चाहती हूं। यदि तुम्हें चाहिए तो उज्जैन में चिंतामन ब्रिज के पास आ जाना। उसके बताए पते पर वह पहुंच गया और ढाई लाख रुपए देकर बिस्किट ले लिए। जब सुनार से जांच कराई तब पता चला बिस्किट नकली हैं।









