सेल्समैन ने ग्राहकों की राशि अपने पास रखी इंडस्ट्रीज संचालक को लगाया 46 लाख का चूना

जांच के बाद प्रकरण दर्ज
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
उज्जैन। मक्सीरोड औद्योगिक क्षेत्र स्थित समकित इंडस्ट्रीज के एक सेल्समैन ने मालिक को 46 लाख का चूना लगा दिया। उसने ग्राहकों से तो नकद राशि एकत्र कर ली लेकिन यह राशि इंडस्ट्रीज में जमा नहीं करवाई। करीब दो साल तक वह संचालक को रुपए लौटाने का झांसा देता रहा और जब रुपए नहीं मिले तो संचालक ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी की धारा के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
समकित इंडस्ट्रीज पोहा, परमल और खड़े अनाज का व्यापार करती है। इसके संचालक रेणु जैन और श्रेयस जैन है। निजातपुरा नजरअली रोड निवासी रेणु जैन ने वर्ष 2022 में मूलत: मक्सी के पास के दोता गांव के रहने वाले गिरीश शर्मा पिता भारत शर्मा को इंडस्ट्रीज में सेल्समैन रखा था। गिरीश नागझिरी थाना क्षेत्र की मंगल सिटी में रहता है। उसके जिम्मे आसपास के इलाकों में माल की सप्लाई और कैश कलेक्शन का जिम्मा था। इंडस्ट्रीज की सप्लाई उज्जैन जिले के ग्रामीण क्षेत्रों के साथ आगर-मालवा और शाजापुर जिले तक भी थी।
पहले भरोसा जीता, फिर ठगी की
शर्मा ने अपने काम से इंडस्ट्रीज संचालक का पहले भरोसा जीता। पहले वह ईमानदारी से कलेक्शन जमा करता रहा। उस पर भरोसा इतना था कि धोखाधड़ी का पता ही नहीं चला। धोखाधड़ी की जानकारी 2024-25में उस वक्त हुई, जब खातों की जांच की गई। ऑडिट में यह पकड़ में आया कि लंबे समय से 46.07 लाख रुपए की वसूली पेडिंग है। ऐसे में रीजनल मार्केट के ग्राहकों से संचालकों ने संपर्क किया तो पता चला कि गिरीश शर्मा ने राशि की वसूली तो की लेकिन रुपए इंडस्ट्रीज में जमा नहीं करवाए। श्रेयस जैन और उनके पिता राजकुमार जैन ने जब उससे पूछताछ की तो उसने गलती स्वीकार कर ली और गबन किए रुपए लौटाने का आश्वासन दिया।
दो साल तक टालता रहा: दो साल तक वह रुपए लौटाने का सिर्फ आश्वासन देता रहा। 2025 तक तक भी जब शर्मा ने रुपए नहीं लौटाए तो श्रेयस जैन ने पंवासा थाने में आवेदन दिया। उन्होंने 2 हजार पेज बतौर सबूत पेश किए। जांच के बाद 12 फरवरी को उपनिरीक्षक नितेश मठोरा ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 316 (4) के तहत मुकदमा दर्ज किया।









