नागदा की तंग गलियों से अजीज आ चुके सलमान को दुबई रास आ गया

फर्जी पासपोर्ट भी बनवा लिया फंसेंगे बनाने वाले

देखते ही देखते वह करोड़पति बन गया
दुबई में डॉन बन कर कारोबार फैलाना चाहता था
अक्षरविश्व न्यूज|उज्जैन। शेरू लाला का बेटा सलमान नागदा की तंग गलियों से आजीज आ चुका था। वह दुबई में बसना चाहता था। उसकी तमन्ना थी कि वह वहीं से अपने कारोबार का और विस्तार करे। उसके अंडर वर्ल्ड में कई लोगों से अच्छे रिश्ते बन चुके थे। डॉन बनने की तमन्ना रखने वाले सलमान ने फर्जी पासपोर्ट बनवाया था।
अब इस बात की भी जांच होगी कि थांदला से उसका जून 2022 में पासपोर्ट बना कैसे? इसी पासपोर्ट से वह अपने परिवार के पास दुबई चला गया था। इसी बीच उसका पासपोर्ट गुम हो गया। बताते हैं कि जुलाई 2023 में वैध पासपोर्ट पर वह वापस आ गया। उसने नेपाल के रास्ते से दुबई जाने की कोशिश की लेकिन सफल नहीं हो सका। उसके बाद से उसके जीवन में भटकाव जैसी स्थिति निर्मित हो गई। वह अपने चुनिंदा साथियों के साथ मप्र और राजस्थान में भटकता रहा।
एसपी का कहना है कि सलमान ने अपराध की दुनिया में आने के बाद मध्यप्रदेश ही नहीं बांसवाड़ा और प्रतापगढ़ में भी अपराध से जुड़े कई गुर्गे तैयार कर लिए थे। राजस्थान पुलिस से समन्वय स्थापित कर उन सभी बदमाशों को सामने लाने का प्रयास किया जाएगा।
दुबई में फ्लैट के डेढ़ करोड़ चुकाए
एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया पासपोर्ट कैसे बना यह जांच का विषय है। कारण यह है कि पासपोर्ट इतनी आसानी से नहीं बनता। हम जांच कराएंगे। सलमान के साथ अवैध गतिविधियों में कौन-कौन लोग शामिल हंै, इसकी जांच की जाएगी। उसने करीब तीन करोड़ रुपए का दुबई में एक फ्लैट खरीदा है। वह डेढ़ करोड़ रुपए भुगतान कर चुका है। दुबई जाने के लिए अगर इसकी पत्नी ने भी फर्जी पासपोर्ट का प्रयोग किया होगा, तो उस भी सह आरोपी बनाया जाएगा। पुलिस को सलमान के बहुत सारे साथियों के नाम मिले हैं। उन्हें भी शीघ्र गिरफ्तार करेंगे।
एमडी ड्रग्स कहां से लाया
लाला को जब पुलिस ने पकड़ा तब उसके कब्जे से 25 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई। इसकी कीमत करीब पच्चीस लाख रुपए बताई गई है। भागने के प्रयास में उसको चोटें भी आई हैं। शुक्रवार को उसे पुलिस रिमांड के लिए पेश किया गया था। जहां से तीन दिन का पुलिस रिमांड मिला है।
प्रतापगढ़ को मुख्यालय बनाया
एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि 60 हजार का इनामी बदमाश सलमान लाला ड्रग्स, अवैध हथियार जैसे कई केस में वांटेड था। कुख्यात आरोपी पर राजस्थान और मध्यप्रदेश पुलिस ने इनाम घोषित कर रखा था। नागदा के रहने वाले सलमान ने प्रतापगढ़ राजस्थान को अपना मुख्यालय बना रखा था। उस पर राजस्थान पुलिस ने ४० और एमपी पुलिस ने २० हजार का इनाम घोषित किया था।









