सुबह मां-बाप को चाय पिलाई फिर फांसी लगा ली

अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। नागझिरी थाना क्षेत्र में रहने वाले एक युवक ने अज्ञात कारणों के चलते शनिवार सुबह फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पीएम कराया।
करोंदिया का रितेश पिता आनंदीलाल गेहलोत दवा फैक्ट्री में कर्मचारी था। उसके भाई सुनील गेहलोत ने बताया कि रितेश ने सुबह जागने के बाद माता-पिता को चाय बनाकर दी। इसके बाद अपने कमरे में चला गया। बाइक की चाबी तलाशते उसके पिता रितेश के कमरे में पहुंचे। दरवाजा नहीं खुलने पर तोडक़र देखा तो रितेश फांसी के फंदे पर लटका था।
उसे साड़ी के फंदे से उतारकर अस्पताल लाए जहां डॉक्टर ने रितेश को मृत घोषित कर दिया। परिजन ने बताया कि रितेश तीन दिन पहले पत्नी कोमल व बच्चे को मायके छोडक़र आया था। उसके कमरे से सुसाइड नोट मिला है जिसमें स्वयं को आत्महत्या का जिम्मेदार बताया है। हालांकि उसने परेशानी का कारण नहीं बताया है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है। जांच की जा रही है।
मजदूर ने जहर खाकर दी जान: एक अन्य घटना में कमल पिता लक्ष्मीनारायण मेवाड़ा निवासी प्रताप नगर नलखेड़ा ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। भाई शुभम ने बताया कि कमल रात में काम से घर लौटा। तबीयत बिगड़ी तो अस्पताल ले गए जहां उसने डॉक्टर को बताया कि जहर की गोली खाई है। उसके तीन बच्चे हैं। पुलिस ने शव का पीएम कराया है।









