1 नवंबर से फिर बजेगी शहनाई, इस साल शादी के 17 मुहुर्त,

5 महीने से थमा है शादियों का दौर

अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। पिछले पांच महीने से थमा शादियों का दौर अब पुन: शुरू होने वाला है। 117 दिनों बाद फिर विवाह का शुभ काल १ नवंबर प्रबोधिनी एकादशी से लौटेगा।
थमी शहनाइयों की गूंज अब फिर से बजने की तैयारी में है। 6 जुलाई से चातुर्मास लगने से मांगलिक कार्यों पर विराम लग गया था। अब 1 नवंबर को देव प्रबोधिनी एकादशी से फिर ब्याह का श्रीगणेश होगा। इसके लिए शहर के मैरिज हॉल, गार्डन, विवाह भवनों, डीजे-बैंड वालों और कैटरर्स की पहले से ही बुकिंग हो चुकी है।
विवाह वाले परिवारों में तैयारियों की हलचल शुरू हो चुकी है। घर-घर में निमंत्रण छपने और खरीदारी के दौर भी जारी है। पुजारियों के अनुसार नवंबर और दिसंबर में विवाह समारोह होंगे। ज्योतिषाचार्य पंडित विजय शर्मा के अनुसार 1 नवंबर को देवउठनी एकादशी के साथ विवाह-शुभ कार्यों का आरंभ होगा।
कब-कब रहेंगे शुभ मुहूर्त
नवंबर-2, 3, 5 (कार्तिक पूर्णिमा), 8, 12, 13, 16, 17, 18, 21, 22, 23, 25 और 30 नवंबर। कुल 15 मुहुर्त।
दिसंबर- 4, 5 और 6 दिसंबर।
16 दिसंबर से 14 जनवरी 2026 तक मलमास रहेगा।
12 दिसंबर से शुक्र अस्त हो जाएगा, 1 फरवरी 2026 को उदय होगा। इस दौरान 51 दिनों तक विवाह और अन्य मंगल कार्य स्थगित रहेंगे।
23 जनवरी 2026 को बसंत पंचमी का अबूझ मुहूर्त रहेगा। इस दिन बिना पंचांग देखे भी विवाह व शुभ कार्य करना शुभ माना जाएगा।









