सिंहस्थ-2028: एक दिन में 2.5 करोड़ लोगों के मान से तैयारी, थ्योरी के साथ प्रैक्टिकल कर रहे पुलिस अफसर

अक्षरविश्व न्यूज|उज्जैन। सिंहस्थ-२०२८ की तैयारी पुलिस विभाग अनूठे तरीके से कर रहा है। विभागीय अफसर मीटिंग में थ्योरी समझ रहे हैं और मुआयना कर प्रेक्टिकल कर रहे हैं। विभाग की योजना में मुख्य फोकस श्रद्धालुओं को मेले क्षेत्र में सुरक्षित लाने और ले जाने पर है। १ दिन में २.५ करोड़ श्रद्धालुओं के हिसाब से प्लानिंग की जा रही है।

एसपी प्रदीप शर्मा के नेतृत्व में पुलिस की टीम कागजों पर मजबूत प्लानिंग कर रही है। मौजूदा अफसरों को ही इस काम में लगाया गया है। विभागीय अफसर ट्रैफिक मैनेजमेंट और सुरक्षा पर केंद्रित प्लान बना रहे हैं। इसके तहत धर्मशाला, होटलों, लॉजों, अखाड़ों, बड़े रोड, कनेक्टिंग सडक़, पार्किंग मंदिरों की मैपिंग को अंतिम रूप दिया जा रहा है। वीक के लॉस्ट वर्किंग डे में एसपी खुद प्लान की थ्योरी क्लास ले रहे हैं और माइक्रो लेवल पर जाकर समीक्षा की जा रही है। इसके बाद मैदान में जाकर प्रेक्टिकल भी किया जा रहा है। यहां जमीनी हकीकत परखी जा रही है।
श्रद्धालुओं को कम से कम पैदल चलाने पर फोकस
एसपी प्रदीप शर्मा कहते हैं कि सिंहस्थ-२०२८ में हमारा पूरा फोकस श्रद्धालुओं को कम से कम चलाने पर होगा। शहर के ९ प्रवेश मार्ग पर कई पार्किंग बनाई जाएंगी। यहां से श्रद्धालुओं को बस से नजदीक पाइंट तक लाएंगे। यह बसें कॉरिडोर में चलेंगी। इससे ट्रैफिक की दिक्कत खत्म हो जाएगी। एक दिन में २.५ करोड़ श्रद्धालुओं को लाने-ले जाने का प्लान तैयार कर रहे हैं। कोशिश होगी कि श्रद्धालु कम से कम पैदल चलें।
एक ही वाहन में सवारी: मैदानी भ्रमण के लिए पुलिस ने अच्छी पहल की है। अलग-अलग वाहनों में मुआयना करने के बजाय सारे अफसर एक ही ट्रेवलर वाहन से सफर कर रहे हैं। इससे ईंधन तो बच ही रहा है, ट्रैफिक की भी समस्या नहीं आ रही है।









