24 घंटे में शकर भाव 200 रुपए प्रति क्विंटल बढ़े

उज्जैन। श्राद्ध खत्म होने को हैं और नवरात्रि से त्योहारों का सीजन शुरू हो जाएगा। इससे पहले बाजार तेज हो गया है। शकर, दाल, मसाले, ड्राय फ्रूट्स के भावों में तेजी है। 24 घंटे में ही शकर के भाव २०० रुपए क्विंटल बढ़ गए हैं। बुधवार को भाव 49०० रुपए क्विंटल थे जो गुरुवार को बढ़कर 51०० रुपए हो गए हैं। रिटेल में शकर ५५ रुपए प्रतिकिलो बिक रही है। तुअर, चना और मूंग दाल के साथ ही ड्राय फ्रुट्स और मसालों में भी तेजी आई है।
व्यापारियों ने बताया इस बार महाराष्ट्र में भी बारिश कम हुई है। इस कारण भाव तेज हुए हैं। एक महीने में तुअर के थोक भाव 114 से बढ़कर 145 रुपए हो गए हैं। इसी तरह चना दाल 72 से बढ़कर 88 तथा मूंग दाल 80 से बढ़कर 95 रुपए पहुंच गई है।
ड्राय फ्रूट्स व्यापारी ऋषभ जैन ने बताया स्थानीय रूप से कम उत्पादन होने के कारण आपूर्ति के लिए मसाले और ड्राय फ्रूट्स विदेशों से आयात होते हैं। अंतर्राष्ट्रीय स्थिति में हल्का सा बदलाव होते ही भावों में बहुत ज्यादा तेदी मंदी हो जाती है। एक महीने पहले जहां बादाम के भाव 950 रुपए किलो थे वहीं इस समय भाव 1170 रुपए हो गए हैं। इसी तरह काजू 800 रुपए से 845 रुपए, लौंग 840 रुपए से 950 रुपए हो गई है। मसालों में भी लौंग के भाव ३०० रुपए बढ़ गए हैं।
विदेशों से आयात होती हैं दालें
भारत में मप्र, राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र और कर्नाटक में मुख्य रूप से दालों की खेती होती है। आपूर्ति नहीं हो पाने के कारण विदेशों से भी आयात की जाती है। मुख्य रूप से ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, म्यांमार, रूस, तुर्की, तंजानिया, मोजाम्बिक और सूडान जैसे देशों से दालों का आयात करता है। ंऑस्ट्रेलिया से चना, कनाडा से मसूर और सूखे मटर, म्यांमार से उड़द और अरहर, रूस और तुर्की से पीले मटर तथा तंजानिया, मोजाम्बिक, सूडान और मलावी आदि अफ्रीकी देशों से अरहर, उड़द और अन्य दलहन फसलें आयात की जाती हैं।









