ट्रैक की जांच करने निकली टीम

बोली -नई खेड़ी से पिंगलेश्वर तक बाउंड्रीवाल बनाएं
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। सुरक्षा अभियान के तहत रेलवे की मंडल स्तरीय समिति ने नईखेड़ी रेलवे स्टेशन से पिंगलेश्वर रेलवे स्टेशन तक बाउंड्रीवाल बनाने के निर्देश दिए हैं। इसी तरह क्षतिग्रस्त बाउंड्रीवाल पर चेतावनी के बोर्ड लगाने का कहा है। दरअसल रेल पटरियों को पार करने के दौरान होने वाले हादसों को नियंत्रित करने के लिए रतलाम डिवीजन में समिति का गठन किया गया है।
इसमें वरिष्ठ मंडल अभियंता राहुल चौधरी, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता भजन मीणा वरिष्ठ मंडल एवं दूर संचार अभियंता अशोक कुमार जोशी, सहायक वाणिज्य प्रबंधक, सहायक परिचालन प्रबंधक एवं अन्य विभागों के अधिकारी शामिल किए गए हैं। समिति सदस्यों ने उज्जैन रेलवे स्टेशन के प्रभावित स्थलों का निरीक्षण किया। समिति ने नईखेड़ी से पिंगलेश्वर तक बाउंड्रीवाल बनाने तथा क्षतिग्रस्त बाउंड्रीवाल की मरम्मत कर चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश दिए हैं।
विशेष वाहन स्पाइक से निरीक्षण किया
दल ने विशेष निरीक्षण वाहन स्पाइक से रतलाम से उज्जैन, उज्जैन से इंदौर के लक्ष्मीबाई नगर रेलवे स्टेशन और उज्जैन से पिंगलेश्वर तक मुआयना किया। टीम ने उज्जैन-भोपाल रेलवे ट्रैक पर निरीक्षण के दौरान रेलवे लाइन पार करते कई लोगों को देखा। ऐसे में इन स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाने तथा ट्रैक पार करने वालों के खिलाफ रेलवे एक्ट के तहत कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
समन्वय से काम करें सभी विभाग
संयुक्त समिति ने सभी विभागों को आपसी समन्वय से काम करने एवं समयबद्ध तथा प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इंदौर तथा उज्जैन रेलवे स्टेशनों पर नियमित रूप से अनाउंसमेंट करवाकर सुरक्षा संबंधी संदेश प्रसारित करने का भी कहा।









