दीपावली बाद टॉवर तरफ बढ़ेगा ब्रिज…

मक्सी रोड ब्रांच का काम पूरा होने के करीब, सर्विस रोड लोगों के लिए खोलने की तैयारी
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। फ्रीगंज ओवरब्रिज अब तेज रफ्तार पकड़ रहा है। दीपावली बाद ब्रांच का काम टॉवर की ओर आगे बढ़ाया जाएगा। रविवार को ब्रिज के पैरेलल प्रिकास्टेड गर्डर रखने के लिए दो हैवी क्रेन बुलाई गई। रात में भी यह काम जारी रहा। दीपावली बाद टॉवर तरफ ब्रिज का काम आगे बढ़ेगा। इसके लिए मक्सी रोड ब्रांच की सर्विस रोड को खोला जाएगा ताकि ट्रैफिक डायवर्ट हो जाए और टॉवर तरफ जाम न लगे।
फ्रीगंज ओवरब्रिज के पैरेलल बनकर तैयार स्पॉन पर प्रिकास्टेड गर्डर डालने के बाद स्लैब डालने का काम आसान हो जाएगा। यह काम भी दीपावली तक होने की उम्मीद है। इसके बाद ब्रिज की टॉवर की तरफ बन रही मुख्य ब्रांच का काम आगे बढ़ाया जाएगा। इस तरफ तोडफ़ोड़ ज्यादा न होने से यह काम तेजी से पूरा हो सकेगा। प्रिकास्टेड गर्डर डलने से मक्सी रोड ब्रांच की सर्विस रोड आम लोगों के लिए खोल दी जाएगी। इसी सप्ताह में यह डायवर्जन होने की संभावना है। इससे ग्रांड होटल के सामने और टॉवर चौराहे की तरफ जाम के हालात नहीं बनेंगे। इसके बाद माधवनगर रेलवे स्टेशन की ओर के राइट टर्न की तरफ चौड़ी की गई ब्रांच आम लोगों के लिए खोल दी जाएगी। इससे मौजूदा ब्रिज पर भी आवागमन आसान हो जाएगा।
42 मीट्रिक टन वजनी प्रिकास्टेड गर्डर दो क्रेन से रखी, लांचिंग देखने जुटी भीड़
रविवार शाम प्रिकास्टेड गर्डर की लांचिंग की गई। इसके लिए 120 मीट्रिक टन की दो क्रेन से यह काम किया गया। गर्डर का वजन 42 मीट्रिक टन होने के कारण यह काम मुश्किल रहता है। इस कारण पीडब्ल्यूडी ब्रिज के इंजीनियरों की उपस्थिति में यह काम किया गया। इस दौरान टॉवर की ओर जाने वाले लोगों की भीड़ लगी रही।
हरसिद्धि चौराहा से महाकाल मंदिर तक रोड बंद, अब सन्नाटा
उज्जैन। हरसिद्धि चौराहा से महाकाल मंदिर तक की रोड को अब पूरी तरह बंद कर दिया गया है। इससे बड़ा गणेश मंदिर के सामने जहां दर्शनार्थियों की भीड़ लगी रहती थी, वहां सन्नाटा पसर गया है। अब चारधाम मंदिर के सामने भीड़ केंद्रित हो गई है। दरअसल, हरसिद्धि से महाकाल मंदिर के सामने होटल द सम्राट विक्रमादित्य इन के पास तक 80 फीट चौड़ी रोड बनाई जा रही है। यह काम यूडीए को सौंपा गया है, लेकिन दर्शनार्थियों की भीड़ के कारण काम रफ्तार पकड़ नहीं पा रहा था। रोड पूरी तरह बंद हो जाने से यह काम तेजी से किया जा सकेगा। इसमें अभी कुछ समय लगेगा। नीलकंठ द्वार से गुदरी चौराहा तक का मार्ग भी चौड़ीकरण के कारण पूरी तरह बंद कर दिया गया है।
शीघ्र दर्शन काउंटर भी चारधाम के सामने
शीघ्र दर्शन काउंटर की जगह भी बदल दी गई है। अब यह चारधाम के पास पानी की टंकी के सामने बन दिया गया है। इस कारण दर्शनार्थियों की भीड़ का यह केंद्र बन गया है।









