विष्णु सागर के गेट का ताला तोड़ ले गए मछली

अफसरों और जनप्रतिनिधियों के घर ड्यूटी पर पार्क के कर्मचारी

उज्जैन। शहर के सात प्राचीन सागरों में से एक अंकपात मार्ग पर श्रीराम जनार्दन मंदिर के पास स्थित विष्णु सागर के एक गेट का ताला तोडक़र अज्ञात लोग मछलियां ले गए। पार्क के कर्मचारी इन दिनों प्रशासनिक अफसर और जनप्रतिनिधियों के घर ड्यूटी पर भेज दिए गए हैं। इस कारण पार्क की सुरक्षा व्यवस्था गड़बड़ा रही है।
विष्णु सागर में प्रवेश के लिए परिक्रमा पथ के पास बनाए गए छोटे गेट का ताला तोडक़र अज्ञात लोग तालाब से मछलियां ले गए। तालाब में मछलियों की चोरी प्राय: होती रहती है। इसकी सुरक्षा के लिए दूसरा गेट चित्रगुप्त मंदिर मार्ग के पास बनाया गया है। सूत्रों के अनुसार सागर की सुरक्षा और साफ सफाई के लिए पदस्थ कर्मचारियों में से एक को एसडीएम के घर ड्यूटी पर लगा दिया गया है। दो कर्मचारियों को एक राज्यस्तरीय जनप्रतिनिधि के घर भेज दिया गया है। एक कर्मचारी को निर्वाचन में भेजा गया है। इससे सागर की सुरक्षा के लिए कर्मचारियों की संख्या कम हो गई है। एकमात्र कर्मचारी के भरोसे ही सागर का काम चल रहा।
सागर में कई बार मर चुकी मछलियां
सागर की मछलियों पर चोरों की निगाहें लगी रहती हैं। पिछले साल भी बड़ी संख्या में हजारों मछलियां मर गई थीं। पहले भी इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं।









