विवाहिता को बांधकर इतना पीटा कि उसने जहर खाकर खुदकुशी कर ली

पिता बोले… पति व ससुर रात भर शराब पीते रहे और अस्पताल से भाग गए

उज्जैन। शादी के 6 साल बाद भी एक महिला के ससुरालजनों का दहेज का लालच खत्म नहीं हुआ। उन्होंने महिला के हाथ बांधकर इतना पीटा कि क्षुब्ध होकर उसने आत्महत्या कर ली। नीलगंगा थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पीएम कराया।
गुरला उन्हेल में रहने वाली 26 वर्षीय पूजा पति शंकरसिंह ने जहर खा लिया। हालत बिगडऩे पर ससुरालजन ने उसे प्रायवेट अस्पताल में भर्ती कराया जहां रात 1 बजे उसकी मृत्यु हो गई। मनियावदा बडऩगर निवासी उसके पिता कृपाल सिंह ने बताया कि शुक्रवार शाम 5 बजे बेटी को अस्पताल में भर्ती कराया जिसकी सूचना हमें शाम 6 बजे मिली। हम लोग अस्पताल गए तो वहां से पति, ससुर, ननंद भाग गए। देर रात नीलगंगा पुलिस बेटी के बयान लेने अस्पताल आई। पुलिस को उसने बताया कि ससुरालजनों ने हाथ बांधकर पीटा था। इस दौरान शराब के नशे में धुत्त होकर पूजा का पति शंकर सिंह व ससुर अस्पताल आए और हंगामा किया।
मकान बनवाया, 1 लाख रुपए दिए फिर भी मांग जारी रही: कृपाल सिंह ने बताया कि पूजा के 2 बच्चे हैं। ससुरालजन शादी के बाद से ही उसे दहेज के लिए प्रताडि़त करते थे। हमने मकान बनवाया, 1 लाख रुपए भी दिए फिर भी पति, सास, ससुर, ननंद उसे प्रताडि़त करते थे।








