मौसम साफ, धूप खिली, 4 KM प्रतिघंटे की रफ्तार से चली सर्द हवा ने ठिठुराया

तापमान में बढ़ोत्तरी, पारा 7.5 डिग्री सेल्सियस

उज्जैन। उत्तर भारत से बर्फीली हवा आने से पूरा शहर कड़ाके की ठंड से ठिठुर रहा है। सोमवार को भी मौसम साफ ही रहा। सुबह धूप खिली लेकिन ठंड के आगे बेअसर नजर आई।
4 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से चली सर्द हवा ने शहरवासियों को चुभनभरी ठंड का एहसास करवाया जिसके चलते वह गर्म कपड़ों में लिपटे रहे। हालांकि, रात में तापमान में मामूली बढ़त देखने को मिली लेकिन बावजूद उसके पारा 7.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह लगातार तीसरा दिन है जब रात का तापमान 10 डिग्री से नीचे बना हुआ है।
इस साल दिसंबर की सर्दी ने ट्रेंड बदल दिया है। पिछले 10 साल का रिकॉर्ड और ट्रेंड देखें तो दिसंबर के दूसरे पखवाड़े में कड़ाके की ठंड पड़ती रही है लेकिन इस बार पहले ही पखवाड़े में कड़कड़ाती सर्दी का असर है।
ऐसे में दिसंबर के दूसरे पखवाड़े में भी लोगों को ठंड से राहत मिलने की उम्मीद कम ही है। शासकीय जीवाजी वेधशाल से प्राप्त आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटे में दिन के तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस का इजाफा हुआ। रविवार को दिन का पारा 27.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इनका कहना: वेस्टर्न डिस्टरबेंस के चलते मंगलवार से फिर से शीतलहर का दौर शुरू होगा जिससे दिन और रात का तापमान नीचे जाएगा। – डॉ. आरपी गुप्त, अधीक्षक, शासकीय जीवाजी वेधशाला









