महिला का पर्स छीनने वाले दो आरोपी गिरफ्त में, पर्स-मोबाइल जब्त

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन. इंदौर रोड स्थित डी-मार्ट से खरीदी करके लौट रही महिला का पर्स छीनने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने दबोच लिया है। उनसे पर्स और मोबाइल जब्त कर लिया है।

पुलिस ने बताया कि आनंदगंज की झिरी निवासी प्रियंका यादव 28 अक्टूबर को डीमार्ट में दिवाली की खरीदी करने गई थी। वह खरीदी के बाद घर लौट रही थी, इसी दौरान मोटरसाइकिल से पीछे से आए दो युवकों ने उनका पर्स और मोबाइल छीन लिया था। इसकी रिपोर्ट उन्होंने नीलगंगा थाने में दर्ज कराई थी।
पुलिस ने मार्ग पर लगे कैमरों के फुटेज तलाशे और पाया कि यह वारदात फ्रीगंज के रहने वाले तन्मय उर्फ तन्नू पिता प्रताप ने अपने साथी हीरो शोरूम के पीछे रहने वाले दीपक पिता छगनलाल के साथ अंजाम दी है। दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उन्होंने अपराध कबूल कर लिया। आरोपियों से लूटा हुआ पर्स और मोबाइल जब्त कर लिया है। आरोपियों ने यह वारदात मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी ०९जेडएच ३५९६ से अंजाम दी थी। उसे भी जब्त कर लिया है।
मोटरसाइकिल भी चुरा चुके हैं आरोपी
आरोपी मोटरसाइकिल चोरी की वारदात को भी अंजाम दे चुके हैं। उनके कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल एमपी 41 जेडबी 8155 भी बरामद की गई है। थाना प्रभारी तरुण कुरील ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पता लगाया जाएगा कि अब तक वे कितनी चोरी कर चुके हैं।









