दो साल पहले मेले में एक युवक की हत्या हुई मेला बंद हुआ, ईनामी आरोपी अब गिरफ्तार

राजस्थान के श्रीगंगा नगर से पकड़ा महाकाल पुलिस ने

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। कार्तिक मेला 2022 में अपने शबाब पर था। जबरदस्त भीड़ थी। लोग मेले का आनंद ले रहे थे। इसी बीच शोर मचा, हत्या हो गई, मार डाला। भगदड़ मची और दुकानें बंद होने लगीं। पता चला कि जहां झूले लगते हैं उस झोन में हत्या हुई है। पुलिस मौके पर पहुंची और खून से तरबतर युवक को अस्पताल ले गई जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दरअसल, आगर का रहने वाला दीपू जादम नामक युवक बापू नगर में रहने वाले रिश्तेदार के यहां आया था। यहां जन्मदिन समारोह था। वह शाम को अपनी चचेरी बहनों के साथ मेला देखने पहुंचा। बहनों ने झूला झूलने की इच्छा जाहिर की। झूला झूलते समय उनके साथ छेडख़ानी की। दीपू ने विरोध किया। बात आगे बढ़ गई। दीपू अकेला पड़ गया। झूले वालों ने उसे घेर लिया और चाकू से हमला कर दिया। इस घटना में दीपू की मौत हो गई। मामला तूल पकड़ गया। हिंदूवादी संगठन आगे आए। महाकाल थाना पुलिस पर दबाव बनाया तब जाकर आधा दर्जन आरोपी पकड़ में आए।
दो साल से फरार था अब्दुल
पुलिस के लिए हत्याकांड का आरोपी अब्दुल खालिद चुनौती बन गया। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए मेले दर मेले भटकती रही, लेकिन वह पुलिस को चकमा देता रहा। अंतत: पुलिस अधीक्षक ने उसकी गिरफ्तारी पर दस हजार का इनाम घोषित किया। महाकाल थाना के कई प्रभारी बदल गए। सफलता मिली वर्तमान थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह परिहार को। पुलिस अब्दुल खालिद को गंगानगर से पकड़ लाई। वह इंदौर की इलियास कॉलोनी खजराना का रहने वाला है। उसे न्यायालय में पेश किया गया। फिलहाल वह रिमांड पर है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।









