सिंहस्थ : 175 में से 51 काम दिसंबर तक होंगे पूरे, अक्टूबर 27 तक सारे

सीएम को बैठक में अफसरों ने दी जानकारी
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। सिंहस्थ 2028 को जोरदार बनाने के लिए उज्जैन शहर और इसके आसपास 175 काम चल रहे हैं। इनमे से 51 इसी साल के दिसंबर तक पूरे हो जाएंगे। बाकी बचे काम क्रमश:पूरे होते रहेंगे। फाइनली सारे काम अक्टूबर 2027 तक हो जाएंगे।
यह जानकारी सीएम डॉ. मोहन यादव को सिंहस्थ कामों की समीक्षा बैठक में अफसरों ने दी।
संभागायुक्त एवं सिंहस्थ मेला अधिकारी आशीष सिंह और कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने सिंहस्थ-2028 में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। इसमें बताया कि मौजूदा समय में सिंहस्थ के १७५ काम चल रहे हैं और इनके पूर्ण होने का सिलसिला शुरू हो गया है।
इन मुद्दों पर भी हुई बात
मेला क्षेत्र में स्थायी निर्माण कार्यों के टेंडर जारी किए जा चुके हैं। काम निर्धारित समय-सीमा के अनुसार चल रहे हैं। सीएम ने कहा कि निर्माण कार्य पूर्ण होने के साथ ही उन्हें आमजन के उपयोग के लिए खोला दिया जाए, ताकि नागरिकों को विकास कार्यों का लाभ मिल सके। सीएम ने कहा कि संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करे और किसी भी स्तर पर सिंहस्थ की तैयारी मेंं विलंब नहीं आए।
कब पूरे होंगे कितने काम
| महीना | काम की संख्या |
|---|---|
| दिसंबर 2026 | 51 |
| जनवरी–मार्च 2027 | 36 |
| अप्रैल–जून 2027 | 63 |
| जुलाई–अक्टूबर 2027 | 25 |








