आरोपी को पकडऩे गई पुलिस टीम पर हमला, वर्दी फाड़ी और मुक्के मारे

7 हमलावर में से दो हिरासत में, 5 फरार
वारदात के 24 घंटे बाद भी पुलिस बाकी की नहीं कर पाई तलाश
अक्षरविश्व न्यूज उन्हेल/उज्जैन। लोगों में वर्दी का खौफ खत्म होता जा रहा है। उन्हेल थाने के नागझिरी गांव में बुधवार की दोपहर मारपीट के आरोपी को पकडऩे गई पुलिस टीम पर ही हमला हो गया। आरोपी के परिवार की महिला एवं पुरुषों ने पुलिस को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। किसी पुलिसकर्मी की वर्दी फाड़ दी तो किसी को चांटे ही चांटे जड़े। पत्थर भी फेंके गए। पुलिस ने 7 नामजद आरोपियों में से दो महिलाओं को हिरासत में लिया है। वारदात के 24 घंटे बीतने के बावजूद पुलिस पांच अन्य आरोपियों को नहीं पकड़ सकी है। पुलिस को गांव में फ्लैग मार्च तक करना पड़ा।
दरअसल, 11 अक्टूबर को नागझिरी की रहने वाली कंचनबाई बंजारा ने पड़ोसी सरदार सिंह और उसके परिवार (राहुल, सुगनाबाई, भूरीबाई) के खिलाफ मारपीट की शिकायत दर्ज कराई थी। इस सिलसिले में ही सरदारसिंह को थाने बुलाया गया था, पर वह नहीं आ रहा था। बुधवार की दोपहर एसआई दारासिंह चावड़ा, आरक्षक विक्रम राघव, पंकज खरते और महिला आरक्षक नेहा भालसे नागझिरी गांव पहुंचे थे। इन लोगों ने सरदार को बुलाया और अपने साथ चलने का कहा तो बहस शुरू हो गई। यह इतनी बढ़ी कि मारापीटी होने लगी। सरदार के घर की महिलाओं ने पथराव कर दिया,जबकि पुरुषों ने पुलिसकर्मियों पर हाथ छोड़ दिए। अवंताबाई उर्फ संगीता ने पुलिसकर्मियों की वर्दी खींचकर फाड़ दी।
सात नामजद आरोपियों में 4 महिलाएं
पुलिस राहुल पिता सरदार,, सुगनाबाई, पूजा पति बबलू, अवंताबाई उर्फ संगीता, बापू, माखन पिता मुकेश और राजेश पिता गोरेलाल के खिलाफ नामजद प्रकरण दर्ज किया है। इनमें से सुगनाबाई और पूजा को हिरासत में भी ले लिया गया है।
दरवाजे के पीछे छिपा था सरदार
पुलिसकर्मी जब सरदार के घर पहुुंचे तो उसके परिजनों ने उसके नहीं होने का हवाला दिया। पुलिसकर्मी जब घर में घुसे तो सरदार दरवाजे के पीछे छिपा मिला। उसे ले जाते समय ही हंगामा हुआ।
किस पर क्या आरोप
राहुल, सुगनाबाई, पूजा, बापू, माखन, राजेश पर हमला करने का आरोप। इन्होंने पथराव भी किया।
राहुल, माखन ने एसआई चावड़ा को मुक्कों से मारा।
अवंताबाई पर पुलिस की वर्दी फाडऩे का आरोप
किसको कितनी चोट
आरक्षक नेहा भालसे के सिर, गाल में चोट।
आरक्षक विक्रम राघव का सिर फूटा।
आरक्षक पंकज खरते के पैर पत्थर लगने से चोटिल।
एसआई भी पथराव में घायल।
फ्लैग मार्च निकाला
घटना के बाद गांव में भारी संख्या में पुलिस बल पहुंचा और फ्लैग मार्च निकाला गया। हालांकि अधिकतर आरोपी भाग चुके थे।
दो हिरासत में, बाकी की तलाश
मारपीट के आदतन आरोपी को पुलिस टीम पकडऩे गई थी। इन पर हमला बोला गया। चार पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। इनकी वर्दी फाड़ी गई हैं। दो महिलाओं को राउंडअप किया है। बाकी की तलाश जारी है।
विक्रम अहिरवार,
सीएसपी नागदा,









