उज्जैन-इंदौर सिक्स लेन से पहले बनेगा वैकल्पिक रोड

वैकल्पिक मार्ग के लिए एमपीआरडीसी ने कराया सर्वे

सिक्स लेन का टेंडर अगले माह फाइनल होने की संभावना
अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन:उज्जैन से इंदौर तक फोरलेन को सिक्स लेन बनाने से पहले मप्र सड़क विकास निगम लिमिटेड (एमपीआरडीसी) वैकल्पिक रोड बनाने की कवायद में जुट गया है, क्योंकि निर्माण कार्य शुरू होने के बाद फोरलेन पर आवागमन बंद हो जाएगा। इस कारण वैकल्पिक मार्ग के लिए सर्वे भी हो रहा है। हालांकि सिक्स लेन का काम बारिश बाद ही शुरू होने के आसार हैं। नया टेंडर अगले माह फाइनल होने की संभावना है।
इंदौर में अरबिंदो हॉस्पिटल से उज्जैन में हरिफाटक ब्रिज तक का फोरलेन सिंहस्थ से पहले सिक्स लेन में बदल दिया जाएगा। अभी एमपीआरडीसी इसका ठेका किसी अच्छी कंपनी को देने की तैयारी कर रहा है। टेंडर 15 जुलाई तक फाइनल होने की संभावना है। यानी तब यह साफ हो जाएगा कि इसे कौनसी ठेकेदार कंपनी बनाएगी। सूत्रों के अनुसार इसके बाद ठेकेदार कंपनी और एमपीआरडीसी के बीच एग्रीमेंट होगा। इस प्रक्रिया में करीब एक माह लग सकता है। इस हिसाब से अगस्त अंत तक एग्रीमेंट हो सकेगा। इसके बाद ही कंपनी काम शुरू कर सकेगी।
यह बन सकता वैकल्पिक मार्ग
एमपीआरडीसी द्वारा सिक्स लेन का काम शुरू करने से पहले वैकल्पिक मार्ग बनाने की तैयारी की जा रही है। इंदौर के हातोद क्षेत्र को उज्जैन से जोड़ा जा रहा है। यह इंदौर, सांवेर और उज्जैन के ग्रामीण हिस्सों को जोड़ेगी। हातोद से खजूरिया,अजनोद, लेकोड़ा और चंद्रावतीगंज होते हुए उज्जैन के चिंतामन गणेश मंदिर क्षेत्र से जुड़ेगी। इसकी लंबाई 65 किमी से ज्यादा होगी। इसके निर्माण पर 500 करोड़ रु. से अधिक की राशि खर्च होगी, लेकिन इसका काम पूरा होने में वक्त लगेगा। इस कारण अभी इसे कुछ समय रोका जा सकता है ताकि वैकल्पिक मार्ग में इसका उपयोग किया जा सके। शिप्रा होते हुए भी उज्जैन और देवास के लिए वैकल्पिक मार्ग दिया जा सकता है।
सिक्स लेन योजना
- 45.475 किलोमीटर कुल लंबाई
- 1692 करोड़ रु. कुल खर्च
- 8 बड़े जंक्शन बनाए जाएंगे।
- 6 अंडरपास बनाए जाएंगे।
- 2 फ्लाईओवर ब्रिज होंगे।









