उज्जैन-इंदौर सिक्स लेन का काम तपोभूमि से शुरू

तपोभूमि के पास साफ-सफाई, इंदौर साइड से भी लगा काम

हेरिटेज लुक देने के लिए बन रही योजना
अक्षरविश्व न्यूज| उज्जैन। उज्जैन से इंदौर तक करीब 46 किमी लंबे फोरलेन को सिक्स लेन करने का काम शुरू हो गया है। इसे हेरिटेज लुक देने की योजना भी तैयार हो रही है। चौड़ीकरण की राह में आ रहे निर्माण हटाने के लिए भी नोटिस देने का सिलसिला शुरू हो गया है।
सिंहस्थ 2028 से पहले उज्जैन-इंदौर फोरलेन सिक्स लेन हो जाएगा। इससे दोनों तरफ 40, 40 फीट चौड़े रोड होंगे। यह अब कुल 82 फीट चौड़ा हो जाएगा। इससे गाडिय़ां फर्राटे से दौड़ सकेंगी। एमपीआरडीसी अधिकारियों के अनुसार उज्जैन और इंदौर, दोनों तरफ से इसका काम शुरू कर दिया गया है ताकि सिंहस्थ से पहले काम पूरा किया जा सके।
उज्जैन में हरिफाटक ब्रिज से इंदौर के अरबिंदो मेडिकल कॉलेज तक सिक्स लेन डामर का बनेगा। इसके लिए दोनों तरफ रोड की चौड़ाई के अनुसार साइट क्लियर करने का काम शुरू किया गया है। उदयपुर की रवि इंफ्राबिल्ड कंपनी को 735 करोड़ रुपए में ठेका दिया गया है। तपोभूमि से हरिफाटक ब्रिज के बीच का काम बाद में किया जाएगा, क्योंकि इस राह में निर्माण अधिक हैं और चौड़ीकरण की राह साफ करना होगी।
हेरिटेज लुक में नजऱ आएगा सिक्स लेन
सिक्स लेन करने के बाद रोड को हेरिटेज लुक दिया जाएगा। इसके लिए अलग से योजना तैयार की जा रही है। योजना बनने के बाद इस पर होने वाले खर्च का आंकड़ा सामने आएगा।
सिक्स लेन योजना
सितम्बर को राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने सिक्स लेन प्रोजेक्ट का भूमिपूजन किया।
20 फरवरी 2024 को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडलीय समिति ने प्रोजेक्ट मंजूर किया था।
अभी फोरलेन 17 मीटर चौड़ा है। इसकी चौड़ाई 55 फीट है।
कुल 1692 करोड़ का प्रोजेक्ट, अभी 735 करोड़ में होगा सिविल वर्क
तीन फ्लाईओवर बनेंगे, सांवेर, शांति पैलेस और इंजीनियरिंग कॉलेज के पास बनाए जाएंगे।
सिक्स लेन का काम उज्जैन में तपोभूमि चौराहे के पास से कर दिया गया है और इंदौर में अरबिंदो के पास। सिंहस्थ से पहले इसे पूरा करने का लक्ष्य है।-आरके जैन, संभागीय प्रबंधक, एमपीआरडीसी इंदौर









