जलस्तर बढ़ा, छोटी रपट पर आया शिप्रा का पानी

विक्रमोत्सव की सांस्कृतिक संध्या के लिए नदी के बीच बनाया जा रहा मंच, आतिशबाजी के साथ होगा ड्रोन शो

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। इन दिनों रामघाट पर शिप्रा का जलस्तर बढ़ा हुआ है। गुरुवार को पानी छोटी रपट को पार कर गया। जिसके चलते पुल से आवागमन बंद रहा और स्नान के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं ने किनारे पर ही डुबकी लगाई।
दरअसल, 29 मार्च को शनिश्चरी अमावस्या के लिए शिप्रा में 55एमसीएफटी पानी छोड़ा जा रहा है ताकि श्रद्धालु साफ पानी में स्नान कर सकें। नवग्रह शनि मंदिर स्थित त्रिवेणी घाट पर साफ पानी एकत्र हो गया है जहां शुक्रवार शाम से श्रद्धालुओं का स्नान के लिए पहुंचना शुरू हो जाएगा। लगातार पानी छोड़े जाने के कारण रामघाट पर शिप्रा का जलस्तर बढ़ गया है। बताया जा रहा है कि त्रिवेणी बैराज से ओवरफ्लो होकर पानी आ रहा है।
नदी के बीचोबीच आकर ले रहा मंच
विक्रमोत्सव के तहत 30 मार्च को रामघाट पर सांस्कृतिक संध्या होगी। इसमें बॉलीवुड की जानी मानी सिंगर श्रेया घोषाल अपनी आवाज का जादू बिखेरेंगी। शाम ७ बजे से रामघाट और दत्तअखाड़ा पर होने वाले आयोजन में जोरदार आतिशबाजी के साथ ड्रोन शो भी होगा। इसके लिए तैयारियां जोरशोर से की जा रही हैं। नदी के बीचोबीच मंच बनाया जा रहा है जिसका काम भी जल्द खत्म हो जाएगा।
कमल सरोवर पर करेंगे नववर्ष का स्वागत
हिंदू नववर्ष के अभिनंदन के लिए सामूहिक सूर्य अघ्र्यदान समारोह कोठी रोड स्थित कमल सरोवर पर आयोजित होगा। इसके तहत सुबह 5.45 से 7 बजे तक सूर्य ध्यान, सामूहिक प्रार्थना, सूर्य नमस्कार होगा। आयोजन अखिल विश्व गायत्री परिवार, संस्कार भारती एवं योग केंद्र, दि इनीशिएटिव सोसायटी, लायंस क्लब ऊर्जा, लायंस क्लब स्टेट बैंक, स्वर्णिम भारत मंच, गहोई वैश्य समाज द्वारा किया जाएगा।








