आरक्षक प्रेमिका ने शादी से इंकार किया तो पुलिस के जवान ने जहर खा लिया

दो दिन पहले भोपाल जीआरपी कंट्रोल रूम से बिना सूचना के आया था युवती से मिलने

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। जीआरपी थाने में एक साथ नौकरी करने के दौरान महिला-पुरुष आरक्षक के बीच प्रेम प्रसंग हुआ। दोनों ने साथ रहने की वादे भी किए। दो साल पहले आरक्षक का ट्रांसफर भोपाल जीआरपी कंट्रोल रूम में हो गया। इस दौरान भी प्रेम संबंध बने रहे। बुधवार को आरक्षक ने प्रेमिका के घर पहुंचकर जहर खा लिया। उसे गंभीर हालत में प्रायवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सचिन पिता हरिनारायण चंद्रवंशी 32 वर्ष निवासी सेवदा मैना चौकी देवास जीआरपी कंट्रोल रूम भोपाल में पदस्थ है। वह दो दिन पहले ड्यूटी से बिना बताए लापता हो गया था। उसके भाई राहुल ने बताया कि सचिन का मोबाइल बंद आ रहा था। उसके दोस्तों व अन्य परिचितों से चर्चा की। पता चला कि सचिन उज्जैन जीआरपी थाने में पदस्थ महिला आरक्षक शिल्पा मोगिया के संपर्क में था। उसे तलाश करते हुए उज्जैन आए।
थाने से पता चला कि सचिन यहां आया था लेकिन कहां गया कुछ पता नहीं। यहां उसकी जानकारी नहीं मिलने पर मां के साथ भोपाल जाने के लिए ट्रेन में बैठा तभी शिल्पा मोगिया का फोन आया। उसने कहा कि सचिन मेरे घर आया है। विवाद कर रहा है। जल्द गऊघाट रेलवे कालोनी आ जाओ। राहुल ने बताया कि मां के साथ शिल्पा के घर पहुंचे तब तक राहुल जहर खा चुका था। उसे तुरंत जिला चिकित्सालय लेकर गए जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे इंदौर रैफर किया गया। वर्तमान में सचिन का प्रायवेट अस्पताल में उपचार चल रहा है। राहुल के अनुसार उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
2022 में भोपाल हुआ था ट्रांसफर
राहुल ने बताया कि उसके पिता हरिनारायण चंद्रवंशी भी पुलिस विभाग में एएसआई के पद पर पदस्थ हैं। वर्ष 2022 में सचिन का उज्जैन जीआरपी से भोपाल जीआरपी कंट्रोल रूम में ट्रांसफर हुआ था। उसके शिल्पा से प्रेम प्रसंग की जानकारी मां, भाभी को भी थी।उक्त लोग मोबाइल कांफ्रेंस में बात भी करते थे। सचिन की मां ने शिल्पा से शादी के संबंध में बातचीत भी की थी।
पहले से शादी का पता चलने पर इंकार
जीआरपी टीआई ने बताया कि महिला आरक्षक शिल्पा और सचिन के प्रेम प्रसंग की जानकारी सभी को थी। सचिन के भोपाल जाने के बाद भी दोनों संपर्क में थे। इस दौरान शिल्पा को कहीं से पता चला कि सचिन की शादी हो चुकी है। उसके बाद भी वह शादी का दबाव बना रहा था। बुधवार को भी वह शिल्पा के घर शादी की बात करने गया था। शिल्पा के इंकार करने पर सचिन ने जहर खा लिया।
दो सल्फास की गोली और रेट किल खाई
राहुल ने बताया कि सचिन ने किन परिस्थितियों में जहर खाया इसकी जानकारी नहीं है। मोबाइल लॉक है। भाई बयान देने की स्थिति में नहीं है। उसने दो सल्फास की गोली और रेट किल खाई थी। प्रायवेट अस्पताल के डॉक्टर्स ने भी उसे इंदौर, भोपाल ले जाने को कह दिया है। राहुल का कहना है कि उसके भाई की शादी नहीं हुई है।









