निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज में पुताई कर रहे मजदूर क्रेन से गिरकर घायल

उज्जैन। चरक अस्पताल के सामने निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज में पुताई करने पहुंचे दो मजदूर क्रेन से गिरकर घायल हो गए, जिन्हें चरक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सोम प्रजापति पिता संतोष, रोहित पिता रज्जू दोनों निवासी बांदा उत्तर प्रदेश चरक अस्पताल के पास निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज की बिल्डिंग में पुताई के लिए पहुंचे थे।
रविवार सुबह करीब 9.30 बजे दोनों मजदूर क्रेन में बैठकर दूसरी मंजिल पर जा रहे थे , तभी अचानक क्रेन के ब्रेक खराब हो गए और नीचेे आ गिरी। दुर्घटना में सोम प्रजापति की कमर में सरिया घुस गया व शरीर में अलग-अलग जगह चोट आईं जबकि रोहित का पैर फ्रेक्चर हो गया। दोनों को साथी मजदूर चरक अस्पताल लेकर पहुंचे। उन्होंने बताया कि उन्हें पुताई कार्य के लिए ठेकेदार लेकर आया था। दुर्घटना के समय ठेकेेदार मौजूद नहीं था।
30 फीट की ऊंचाई से गिरी क्रेन
घायलों के साथ आए मजदूरों ने बताया कि क्रेन करीब 30 फीट ऊपर तक पहुंची, जिसके बाद ब्रेक फेल हुए तो जमीन पर आ गिरी, जिससेे सोम और रोहित घायल हुए। दोनों मजदूरों को ठेकेदार द्वारा सुरक्षा के उपकरण उपलब्ध नहीं कराए गए थे , जिस कारण सोम की कमर में सरिया घुस गया।









