पत्नी से विवाद में गर्म पानी से झुलसा था युवक, एसिड अटैक की कहानी झूठी

उज्जैन। शनिवार को खुद पर एसिड अटैक और तीस हजार रुपए लूटने की घटना की कहानी झूठी निकली है। पुलिस जांच में सामने आया है कि युवक पत्नी से हुए घरेलू विवाद के दौरान गर्म पानी से झुलसा था और उसने पूरी कहानी रची थी।
महाकाल टीआई गगन बादल ने बताया कि शनिवार सुबह योगीपुरा का रहने वाला सतीश (32) पिता धनीराम ने झुलसी हालत में थाने पहुंचा था। उसने बताया कि कुछ व्यक्तियों ने उस पर तेजाब (एसिड) डालकर उसे जला दिया और उसके पास रखे 30 हजार रुपए लूटकर फरार हो गए।
इतनी बड़ी वारदात होने के बावजूद युवक रातभर थाने नहीं आया और सुबह सीधे पुलिस के पास पहुंचा। मामला पहली ही नजर में संदिग्ध लगा। थाना प्रभारी के अनुसार, आगरा के सतीश ने गौंड बस्ती में रहने वाली सपना से प्रेम विवाह किया था। वारदात वाली रात उसका पत्नी से गंभीर विवाद हुआ था, जिस दौरान वह गर्म पानी गिरने से झुलस गया।अस्पताल में भर्ती सतीश ने मजिस्ट्रेट बयान में पानी से झुलसना बताया है।









