गुजरात ले जाने से पहले उज्जैन में पकड़ी गई 44 पेटी शराब

दोनों लग्जरी कारोंं पर लगी थी फर्जी नंबर प्लेट

उज्जैन। इंदौर से शराब लाकर उज्जैन और गुजरात में अवैध रूप से शराब बेचने वालों पर नानाखेड़ा पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई में चार तस्करों को गिरफ्त में लिया है। इनसे 44 पेटी अंग्रेजी शराब, दो लग्जरी कार और दो फर्जी नंबर प्लेट भी जब्त की है।
नानाखेड़ा पुलिस ने बताया कि गुरुवार को मुखबिर की सूचना पर दो कार्रवाई की। पहली कार्रवाई में इंजीनियरिंग कॉलेज परिसर के आगे घेराबंदी कर एक्सयूवी 700 क्र. सीजी 10 सीबी २098 को रोका गया। तलाशी लेने पर 23 पेटी अंग्रेजी शराब जब्त की गई। कार से दो फर्जी नंबर प्लेट (जीजे 18 एफसी 1058) भी मिली। जब्त शराब की कीमत 2.75 लाख और कार की कीमत 25 लाख रुपए है।
दूसरी कार्रवाई
दूसरी कार्रवाई इंदौर रोड पर त्रिवेणी स्थित शनि मंदिर के पास की गई। यहां पुलिस टीम ने घेराबंदी कर स्कॉर्पियो एन क्र. एमपी 09 एक्यू 5267 को रोका। इसमें 2.56 लाख रुपए की अंग्रेजी शराब की 21 पेटी मिली जिसे जब्त किया गया। इसके अलावा 20 लाख कीमत की कार भी जब्त की गई।
दोनों कार्रवाई में पुलिस ने सचिन पिता गोपाल राव (25) निवासी झुग्गी झोपड़ी, चिमनगंज मंडी, यश पिता विनोद चित्तौड़ा, (21) निवासी न्यू इंदिरानगर, नागझिरी, साहिल उर्फ मनीष पिता संतोष माली (23) निवासी गिरिराज रतन कॉलोनी, कानीपुरा रोड और चंद्रशेखर उर्फ कालू उर्फ मेडिकल पिता नंदकिशोर (24) निवासी विधायक नगर, पंवासा को गिरफ्तार किया है। इनके पास से कुल 44 पेटी अंग्रेजी शराब जब्त की गई जिसकी कीमत 5.26 लाख रुपए है, जबकि दोनों वाहनों की कीमत 45 लाख रुपए है।
बचने के लिए फर्जी नंबर प्लेट का सहारा
गिरफ्तार आरोपी इंदौर से अवैध अंग्रेजी शराब लाकर उज्जैन एवं गुजरात क्षेत्र में अधिक कीमत पर बेचते थे। आरोपी शराब लाने के लिए महंगे चार पहिया वाहनों का उपयोग कर रहे थे। वह हर ट्रिप के बाद फर्जी नंबर प्लेट का भी इस्तेमाल कर रहे थे। पर उनकी चालाकी काम नहीं आई और पुलिस ने दबोच लिया।









