गुलमर्ग गोंडोला रोपवे अचानक रुका, हवा में फंसे 300 से ज्यादा पर्यटक

जम्मू-कश्मीर स्थित दुनिया के तीसरे सबसे ऊंचे रोपवे, गुलमर्ग गोंडोला में सोमवार को तकनीकी खराबी आ गई। दोपहर करीब 2:30 बजे रोपवे के सभी केबिन अचानक रुक गए। इनपर 300 से ज्यादा पर्यटक बैठे थे, जो बीच हवा में फंस गए।
इनमें महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग शामिल हैं। कई पर्यटक घबराकर रोने और चिल्लाने लगे। सेना के मुताबिक, हवा में 65 केबिन फंसे थे। एक केबिन में 6 लोग बैठ सकते हैं। अब तक 16 केबिनों से 80 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है।
घटना के कई वीडियो सामने आए हैं, जिनमें रेस्क्यू टीमें लोगों को रस्सियों और सीढ़ियों के सहारे नीचे उतारते दिखी। मौके पर SDRF-NDRF टीमें भी मौके पर मौजूद हैं। रेस्क्यू देर राततक जारी रहने की संभावना है। अब तक किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
गुलमर्ग गोंडोला दो फेज में बंटा है। पहला फेज गुलमर्ग को कोंगडोरी से जोड़ता है। दूसरा फेज कोंगडोरी से अफरवात स्टेशन तक जाता है। दोनों रूट में कुल 108 केबिन कार हैं। श्रीनगर से गुलमर्ग गोंडोला की दूरी 51 किमी है।









