ग्वालियर में रिटायर्ड शिक्षक से 2.45 लाख की ठगी

ग्वालियर। ग्वालियर के महाराजपुरा थाना क्षेत्र के शताब्दीपुरम फेस-2 में रिटायर्ड शिक्षक से जियो फाइबर सर्विस के नाम पर 2.45 लाख रुपए की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। घटना सितंबर 2025 की बताई जा रही है, जिसमें इंटरनेट से मिले फर्जी कस्टमर केयर नंबर के जरिए ठगी की गई। मामले में शुक्रवार को एफआईआर हुई है।

फरियादी दिनेश कुमार (62) शिक्षा विभाग से रिटायर्ड हैं। उन्होंने स्मार्ट टीवी खराब होने पर इंटरनेट से जियो फाइबर का कस्टमर केयर नंबर खोजा था। यह नंबर फर्जी निकला। कॉल करने पर सामने वाले ने खुद को जियो फाइबर कर्मचारी बताकर कुछ तकनीकी निर्देश दिए। इसके बाद मोबाइल में की गई गतिविधियों के जरिए सिस्टम एक्सेस कर लिया गया। पीडि़त के अनुसार, टीवी सर्विस तो चालू हो गई, लेकिन अगले दिन उनके बैंक खाते से अलग-अलग यूपीआई ट्रांजेक्शन के जरिए 2.45 लाख रुपए कट गए।
बैंक ऑफ इंडिया शाखा में जांच कराने पर पता चला कि राशि कई यूपीआई ट्रांजेक्शन के जरिए निकाली गई है। इसके बाद उन्होंने खाता ब्लॉक कराया। पीडि़त ने पहले थाने में शिकायत की, लेकिन सुनवाई न होने पर साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने ई-एफआईआर के तहत मामला दर्ज किया।
महाराजपुरा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी के अनुसार, ट्रांजेक्शन से जुड़े सभी यूपीआई आईडी की जांच की जा रही है।
