सीएम डॉ. यादव ने ट्रॉमा सेंटर पहुंचकर घायलों के स्वास्थ्य की ली जानकारी

मरीजों एवं परिजनों से मुलाकात कर कहा धैर्य बनाए रखें, सरकार खड़ी है आपके साथ
सरकार प्रत्येक घायल मरीज का अच्छे से अच्छा इलाज कराएगी
केन्द्रीय मंत्री सिंधिया भी मुख्यमंत्री के साथ पहुँचे ट्रॉमा सेंटर
गंभीर मरीजों को जरूरत पडऩे पर एयर एम्बुलेंस की सुविधा कराई जायेगी उपलब्ध
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को ग्वालियर के जयारोग्य चिकित्सालय के ट्रॉमा सेंटर पहुँचकर शीतला माता मंदिर के समीप हुई दुर्घटना में घायल लोगों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने उपचाररत मरीजों और उनके परिजनों से मुलाकात कर ढाँढस बँधाया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इस कठिन समय में सरकार पूरी ताकत के साथ आप सबके साथ खड़ी है। सभी घायलों का बेहतर से बेहतर उपचार कराया जाएगा। जरूरत पडऩे पर गंभीर रूप से घायल मरीजों को एयर एम्बुलेंस की सुविधा भी सरकार उपलब्ध करायेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के साथ केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, जिले के प्रभारी एवं
जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट तथा सांसद भारत सिंह कुशवाह सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण भी ट्रॉमा सेंटर पहुँचे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने चिकित्सकों से चर्चा कर घायलों के उपचार की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक मरीज को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए और उपचार में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। गंभीर मरीजों की स्थिति पर विशेष निगरानी रखने के साथ उनके उपचार की निरंतर समीक्षा करने के निर्देश भी उन्होंने दिए। साथ ही संबंधित अधिकारियों से कहा कि उपचार व्यवस्था पर सतत नजर रखें और मरीजों तथा उनके परिजनों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराएँ।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार ने दु:खद घटना के मृतकों के परिजन को चार-चार लाख रुपये, गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को दो-दो लाख रुपये तथा अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये की तात्कालिक आर्थिक सहायता सरकार द्वारा स्वीकृत की गई है। ग्वालियर जिले की सातऊ ग्राम पंचायत में स्थित शीतला माता मंदिर के समीप हुई दुर्घटना में घायल 7 लोगों का जयारोग्य चिकित्सालय के ट्रॉमा सेंटर में उपचार चल रहा है। इनमें ग्वालियर के हुजरात पुल क्षेत्र निवासी 36 वर्षीय श्री संजय शर्मा और सिंधियानगर निवासी 19 वर्षीय कल्पना गंभीर अवस्था में भर्ती हैं। इसके अलावा माधवीनगर खताईपुरा निवासी 20 वर्षीय श्री शुभम राठौर, हजीरा क्षेत्र निवासी 40 वर्षीय सोनू, ठाठीपुर निवासी 19 वर्षीय श्री अभिषेक जाटव, टेकनपुर निवासी 28 वर्षीय श्री राजबहादुर क्षेत्री तथा श्योपुर जिले के दूजापुर गाँव निवासी सात वर्षीय बालक दिव्यांश का भी उपचार भी ट्रॉमा सेंटर में हो रहा है।









