जम्मू के अखनूर में एक आतंकी ढेर, घुसपैठ की कोशिश नाकाम…

सेना ने कहा- निगरानी कैमरे में 3 आतंकी डेड बॉडी ले जाते दिखे

अक्षरविश्व न्यूज . नई दिल्ली जम्मू-कश्मीर में अखनूर के खौर में इंटरनेशनल बॉर्डर पर भारतीय सेना ने आतंकी घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया है। इस दौरान एक आतंकी मारा गया। भारतीय सेना के व्हाइट नाइट कॉर्प्स ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी दी।
सेना ने बताया कि शुक्रवार (22 दिसंबर) की रात में निगरानी कैमरे में चार आतंकियों को देखा गया। इस दौरान सुरक्षाबलों ने फायरिंग की। कैमरे में तीन आतंकी एक शव को इंटरनेशनल बॉर्डर के पार ले जाते दिखे। सेना ने इसका फुटेज भी जारी किया है। घटना को लेकर अभी और जानकारी आना बाकी है। अखनूर राजौरी से करीब 66 किमी दूर है, जहां गुरुवार (21 दिसंबर) को आतंकियों ने सेना के काफिले पर हमला किया था।
राजौरी में 4 आतंकियों ने हमला किया था…
पुंछ और राजौरी के बीच डेरा की गली में 21 दिसंबर को सेना के काफिले पर हमला हुआ था। इसमें पांच जवान शहीद हो गए। दो जवानों की हालत गंभीर है। टेरर ग्रुप पीपुल्स एंटी फासिस्ट फ्रंट ने इस हमले की जिम्मेदारी ली। आतंकियों ने अमेरिकी रू-4 कार्बाइन असॉल्ट राइफल से सेना पर हमला किया था। हमले के दिन थानामंडी-सुरनकोट रोड पर डेरा की गली इलाके में आतंकी घात लगाकर बैठे थे। दोपहर करीब तीन बजे सेना की एक मारुति जिप्सी और एक ट्रक जैसे की वहां से गुजर रही थी, आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी।









