पंचक्रोशी : छह दिन में पहुंचे 1 लाख से ज्यादा श्रद्धालु, अंतिम दिन शिप्रा में आस्था की डुबकी

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। तपते वैशाख महीने में हुई पंचक्रोशी यात्रा में 1 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने शिरकत की। देरी से चले यात्रियों का जत्था शुक्रवार को उज्जैन पहुंच गया। अंतिम दिन शिप्रा के घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ दिखाई दी।

118 किलोमीटर की दुर्गम यात्रा करके पहुंचे श्रद्धालुओं के स्वागत में शहर भी पलक बिछाए खड़ा रहा। अष्टतीर्थ की यात्रा करके पहुुंचे श्रद्धालुओं ने शिप्रा में डुबकी भी लगाई। इस वजह से शिप्रा के घाटों पर भीड़ भी दिखाई दी। शिप्रा तट पर महावीर इंटरनेशनल केंद्र की उज्जैन यूनिट के बैनर तले कैलाश जी, कृष्णा तोतला परिवार के सौजन्य से भोजन प्रसादी की व्यवस्था यात्रियों के लिए की गई।
अशोक भंडारी, सुनील जैन दोषी, प्रमोद कोठारी, राजेंद्र हिंगड़, निर्मल गादिया,मनोहर मेहता, राजेंद्र सिरोलिया, सुशील जैन ने प्रसादी वितरण किया। इस मौके पर कैलाश जी और कृष्णा तोतला का बहुमान भी किया गया। इधर, पंचक्रोशी यात्रा से महापौर मुकेश टटवाल भी लौट आए हैं। उनके साथ एमआईसी सदस्य शिवेंद्र तिवारी, प्रकाश शर्मा, रजत मेहता और जितेंद्र कुवाल ने भी यात्रा की। इन सभी ने नागचंद्रेश्वर मंदिर पहुंचकर बल लौटाया और घरों की राह ली। उज्जैन लौटने पर इनका स्वागत किया गया।
अमावस्या पर पूजन भी- शिप्रा के घाटों पर अमावस्या तिथि का पूजन भी किया गया। कई श्रद्धालु पंडों से पूजन कराते भी देखे गए।









