बच्चों को मिलने वाली नि:शुल्क किताबों की ऑनलाइन ट्रैकिंग

नए सत्र की किताबें मार्च-2024 में विद्यार्थियों तक पहुंचाने का लक्ष्य

अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन राज्य शिक्षा केंद्र ने नए सत्र शैक्षणिक सत्र 2024-25 की किताबें लोकसभा चुनाव से पहले विद्यार्थियों तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए किताबों की ऑनलाइन ट्रैकिंग की जा रही है। वहीं राज्य शिक्षा केंद्र ने इस संबंध में निर्देश जारी किए है।
नवीन शैक्षणिक सत्र 2024-25 की पहली से आठवीं तक के विद्यार्थियों को मिलने वाली नि:शुल्क किताबें मार्च के पहले सप्ताह में पहुंच जाएगी। राज्य शिक्षा केंद्र ने लोकसभा चुनाव के पहले राज्य शिक्षा केंद्र ने विकासखंड स्तर तक डिपो से किताबों को पहुंचाने के लिए निर्देश जारी कर दिए हैं। राज्य शिक्षा केंद्र द्वारा पहली से आठवीं तक के विद्यार्थियों को नि:शुल्क पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध कराई जाती है।
नवीन शैक्षणिक सत्र 2024-25 के साथ ही इस बार अप्रैल में लोकसभा चुनाव संभावित है। इसी दौरान सत्र की शुरुआत होगी। चुनाव में वाहनों की उपलब्धता नहीं होने के कारण स्कूलों में वितरित होने वाली नि:शुल्क किताबों को इस बार मार्च महीने में पहुंचाया जा रहा है। राज्य शिक्षा केंद्र ने इस संबंध में जारी निर्देश में कहा है कि पाठ्यपुस्तक निगम द्वारा सत्र 2024-25 के लिए नि:शुल्क पाठ्यपुस्तकें मार्च के पहले सप्ताह में उपलब्ध कराने के लिए राज्य स्तर से लेकर विकासखंड़ स्तर पर 20 जनवरी तक तैयारी पूरी करने को कहा है।
वितरण व्यवस्था ऑनलाइन
राज्य शिक्षा केंद्र ने सरकारी स्कूलों की पाठ्यपुस्तक वितरण व्यवस्था को ऑनलाइन किया है। ऑनलाइन ट्रैकिंग सिस्टम जियो टैग तकनीक आधारित है। पाठ्य पुस्तक निगम के डिपो से ब्लाक के लिए पुस्तक वितरण चालान बनते ही ब्लॉक अधिकारी को मोबाइल एप पर परिवहन वाहन के नंबर वाला अलर्ट प्राप्त हो जाता है। पुस्तकें प्राप्त होने के बाद ब्लॉक अधिकारी चालान की पावती मोबाइल एप के माध्यम से ही पुस्तक निगम को भेजते है। एप की जानकारी के आधार पर पाठ्य पुस्तकों का वितरण किया जाता है।
अगले सत्र की पहली से आठवीं तक के विद्यार्थियों को नि:शुल्क किताबें जल्द उपलब्ध कराई जाएगी।
धनराजू एस.
संचालक, राज्य शिक्षा केंद्र









